नाले में गिरने से मजदूर की मौत

 


कानपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। पनकी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात को नाले में गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक नशे की हालत में घर लौट रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पड़ताल में जुट गई है।

घटना रतनपुर स्थित काशीराम कॉलोनी के पास की है। यहां रहने वाले हरिशंकर (50) मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। रात वह घर लौट रहे थे। रास्ते में नाला पार करते समय उनका संतुलन बिगड़ गया और वह पानी से भरे नाले में जा गिरे। नाले में पानी अधिक होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सके। काफी देर तक किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी, जिससे उनकी डूबने से मौत हो गई।

कुछ समय बाद राहगीरों ने नाले में एक व्यक्ति को पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर मृतक की पहचान कर घटना की जानकारी परिवार और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पनकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

एसीपी पनकी अमित चौरसिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि व्यक्ति नशे की हालत में नाला पार कर रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नाले में गिर गया और बाहर नहीं निकल सका, जिससे उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप