नहर में डूबने से मजदूर की मौत, बेटे के सामने हादसे का शिकार हुआ पिता
कानपुर, 14 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में गोविंद नगर थाना क्षेत्र के दादा नगर नौरैयाखेड़ा स्थित नहर में रविवार को नहाने के दौरान एक मजदूर की डूबने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब उसका बेटा नहर किनारे कपड़े धो रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान हरदोई जनपद के पाली क्षेत्र निवासी अग्नी त्रिपाठी (55) के रूप में हुई है। वह अपने बेटे हिमांशु के साथ दादा नगर इलाके में रहकर पल्लेदारी का काम करते थे। परिवार की आजीविका मजदूरी पर ही निर्भर थी। बेटे ने बताया कि जब आज वह नहर के कपड़े धो रहा था कि तभी उसके पिता शराब के नशे में आए और नहर में नहाने के लिए उतर गए। कुछ देर बाद उसने अपने पिता को पानी में संघर्ष करते देखा और आवाज भी लगाई, लेकिन स्थिति को समझने से पहले ही वह गहरे पानी में चले गए। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गोविंद नगर थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मजदूर की नहर में नहाने के दौरान गहरे पानी में जाने से मौत हुई है। ----------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप