घरेलू विवाद में मजदूर ने कीटनाशक पीकर दी जान
औरैया, 04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के फफूंद थाना क्षेत्र स्थित शिवूपुर गांव में रविवार रात घरेलू विवाद के बाद एक मजदूर ने कीटनाशक पी लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। सोमवार सुबह जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।
थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि शिवूपुर गांव में रहने वाल 45 वर्षीय महावीर राजपूत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। रविवार रात वह शराब पीकर घर पहुंचा, जिसके चलते परिवार में विवाद हो गया। इसके बाद वह खेतों की ओर चला गया, जहां उसने कीटनाशक पी लिया। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजन उसे खोजते हुए खेत पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर मिली। परिजन तत्काल एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उसे आयुर्वेदिक चिकित्सालय चिचोली रेफर कर दिया। वहां के चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार