देवरिया : श्रम मंत्री ने 280 लाभार्थियों को 3.67 करोड़ के स्वीकृति सहायता पत्र एवं चेक सौंपे
देवरिया, 25 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के
श्रम विभाग, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तत्वावधान में सलेमपुर स्थित डाक बंगला परिसर में वृहद श्रमिक पंजीयन, नवीनीकरण एवं रोजगार मेले का बुधवार को आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में विजय लक्ष्मी गौतम उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री अनिल राजभर ने भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (बीओसीडब्ल्यू) के अंतर्गत संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कन्या विवाह सहायता योजना, मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना, संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन सहायता योजना, निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना तथा अटल आवासीय विद्यालय योजना का उल्लेख करते हुए श्रमिकों से अधिक से अधिक पंजीयन कराने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सरकार श्रमिकों और उनके परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। साथ ही रोजगार मेले में भाग लेने वाले युवाओं को विभिन्न कंपनियों से संपर्क कर अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर मंत्री ने जिले के 141 लाभार्थियों को 1 करोड़ 81 लाख 70 हजार 196 रुपये तथा जनपद गोरखपुर के 139 लाभार्थियों को 1 करोड़ 85 लाख 63 हजार 868 रुपये के स्वीकृति पत्र एवं सावधि जमा (एफडी) वितरित किए। इस तरह से कुल 280 लाभार्थियों को 3 करोड़ 67 लाख 34 हजार 64 रुपये की सहायता प्रदान की गई। इसके अलावा देवरिया जनपद के अटल आवासीय विद्यालय के छह छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग भी देते हुए बधाई दी।
कार्यक्रम में उप श्रम आयुक्त गोरखपुर शक्तिसेन मौर्य, सहायक श्रम आयुक्त देवरिया स्कन्द कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी देवरिया दिनेश कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी गोरखपुर संतोष कुमार त्रिपाठी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी कुशीनगर अलंकृता उपाध्याय सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रमिक, लाभार्थी एवं रोजगार के इच्छुक युवा मौजूद रहे।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक