कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की बदली तस्वीर, बेटियों को मिल रहे शिक्षा के नए अवसर
लखनऊ, 31 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में व्यापक बदलाव देखने को मिल रहा है। प्रदेश सरकार ने बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और आत्मनिर्भर बनने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) को नई पहचान दी है। वर्ष 2017 की तुलना में वर्ष 2026 तक इन विद्यालयों की शैक्षिक व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं और छात्राओं के लिए उपलब्ध अवसरों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। योगी सरकार की प्राथमिकता है कि आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियां किसी भी बेटी की शिक्षा में बाधा न बनें।
कक्षा 06 से 12 तक निःशुल्क शिक्षा का लाभ
वर्ष 2017 में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में केवल कक्षा 06 से 08 तक शिक्षा उपलब्ध थी। वहीं, वर्तमान में छात्राओं को कक्षा 06 से 12 तक निःशुल्क शिक्षा का लाभ मिल रहा है। इसका सीधा फायदा उन बालिकाओं को मिल रहा है, जिन्हें पहले आठवीं के बाद आगे की पढ़ाई जारी रखने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। विद्यालयों में नामांकन भी 72,680 से बढ़कर 88,248 हो गया है। यह बढ़ता नामांकन अभिभावकों के भरोसे और बालिका शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता का प्रमाण है। विद्यालयों में बालिकाओं की भागीदारी भी 50 प्रतिशत से अधिक दर्ज की गई है।
खेल से लेकर चिकित्सा और रक्षा सेवा तक में बना रहीं पहचान
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की छात्राएं अब शिक्षा के साथ खेल, चिकित्सा, रक्षा सेवा और तकनीकी क्षेत्रों में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। खेल के क्षेत्र में बालिकाएं क्रिकेट टीम में चयनित होकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा रही हैं। इसी तरह चिकित्सा के क्षेत्र में छात्राएं नीट जैसी कठिन प्रवेश परीक्षाओं में सफलता हासिल कर डॉक्टर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। वहीं, रक्षा सेवा में भी छात्राओं ने अपनी उपलब्धियों से प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
प्रतियोगी परीक्षाओं के क्षेत्र में भी छात्राओं ने यूपीएससी, यूपीपीसीएस, लेखपाल, शिक्षक और विभिन्न विभागीय परीक्षाओं में चयनित होकर नई कीर्तिमान स्थापित कर रही है। तकनीकी एवं डिजिटल क्षेत्र में डिजिटल स्किल्स, कोडिंग, कम्प्यूटर शिक्षा और अन्य आधुनिक कौशलों के माध्यम से छात्राएं अपनी पहचान बना रही है।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने बताया कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में बेटियों को कक्षा 06 से 12 तक निःशुल्क शिक्षा, सुरक्षित आवासीय वातावरण और आधुनिक शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। स्मार्ट क्लास, आईसीटी और एस्ट्रोनॉमिकल लैब के साथ छात्रवृत्ति तथा खेल एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के अवसर उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में सशक्त कर रहे हैं। हमारा प्रयास है कि हर बेटी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार करे।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन