विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कुंदरकी विधानसभा की समस्याओं से मुख्यमंत्री याेगी काे कराया अवगत
मुरादाबाद, 22 अगस्त (हि.स.)। जिले की कुंदरकी विधानसभा से विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने शनिवार काे लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विधायक ने मुख्यमंत्री को अपने विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया।
विधायक ने मुख्यमंत्री काे बताया कि ब्लाॅक मूंढापांडे में लोदीपुर-विकनपुर मार्ग पर रामगंगा नदी पर स्थित पुल के टूट के कारण सैकड़ो गांव की जनता को अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए रामगंगा नदी पर क्षतिग्रस्त पुल के पुनर्निर्माण की आवश्यकता है।
विधायक ने आगे कहा कि थाना मूंढापांडे क्षेत्राधिकारी हाईवे के अंतर्गत आता है। जिसका कार्यालय पुलिस लाइन परिसर मुरादाबाद में है, जोकि मूंढापांडे क्षेत्र से 30 से 45 किलोमीटर दूर पड़ता है। क्षेत्र की जनता को वहां जाने के लिए अत्यधिक दूरी तय करनी पड़ती है। इसलिए मुंडापांडे में सीओ कार्यालय स्थापित करने की आवश्यकता है।
कुंदरकी विधायक ने मूंढापांडे की ग्राम पंचायत लालाटीकर में आस पास के ग्रामों की भौगोलिक स्थिति एवं बड़ी ग्रामीण आबादी को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना, मुंडापांडे के ग्राम लक्ष्मीपुर कटई में छात्रों, किसानों, व्यापारियों, श्रमिकों एवं आम नागरिकों को विभिन्न स्थानों पर आवागमन में हो रही असुविधा के लिए बस स्टैंड की स्थापना, मुंडापांडे के ग्राम खरगपुर बाजे में नवीन विद्युत उपकेंद्र की स्थापना, कुंदरकी ब्लाक के ग्राम डींगरपुर अथवा जटपुरा में राजकीय इंटर कालेज की स्थापना और ब्लॉक मुंडापांडे के कई ग्रामों की मुरादाबाद सदर तहसील मुख्यालय से अधिकतम 50 किमी तक दूरी होने के कारण मुंडापांडे में तहसील मुख्यालय की स्थापना की मांग की।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल