श्रीमद्भागवत कथा में कृषण की बाल लीलाओं को सुनकर भाव विभोर हुए भक्त
औरैया, 28 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर ब्लाक क्षेत्र के गांव असेवा में चल रही श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ एवं रामलीला महोत्सव के छठवें दिन गुरुवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कथा व्यास आचार्य अनुज द्विवेदी ने भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक बाल लीलाओं, माखन चोरी और गोवर्धन पूजा के प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। कथा पंडाल में “राधे-राधे” और “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कथावाचक ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं केवल मनोरंजन नहीं बल्कि मानव जीवन को प्रेम, सरलता और भक्ति का संदेश देती हैं। उन्होंने माखन चोरी प्रसंग सुनाते हुए बताया कि भगवान अपने भक्तों के प्रेम के भूखे होते हैं। गोपियों के घरों से माखन चुराने के पीछे भगवान का उद्देश्य भक्तों के हृदय में प्रेम और अपनत्व जगाना था।
गोवर्धन पूजा प्रसंग का वर्णन करते हुए आचार्य ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र के अभिमान को समाप्त करने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी अंगुली पर धारण कर ब्रजवासियों की रक्षा की थी। इससे यह संदेश मिलता है कि अहंकार का अंत निश्चित है और सच्चे मन से भगवान की भक्ति करने वालों की सदैव रक्षा होती है।
कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक किया जा रहा है, जिसमें आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन गांव के सर्व समाज के सहयोग से बड़े हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराया जा रहा है। साथ ही आज से लगातार तीन दिनों तक रात में भव्य रामलीला का भी मंचन किया जाएगा। इसे देखने के लिए ग्रामीणों में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है।
समिति ने बताया कि आगामी 31 मई को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर शिवराम सिंह सेंगर उर्फ पप्पू, विमल सेंगर, ओमकार शर्मा, अंकित सेंगर, राम विलास सविता सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार