काैटिल्य परिषद करेगा भगवान परशुराम जयंती का भव्य आयोजन, 19 अप्रैल को दीवानी कचहरी परिसर में जुटेंगे लोग
गोरखपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय काैटिल्य परिषद, गोरखपुर द्वारा भगवान परशुराम जयंती के पावन अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। परिषद की ओर से शुक्रवार काे आयोजित प्रेस वार्ता में इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की गई।
बताया गया कि यह कार्यक्रम 19 अप्रैल 2026 (रविवार) को पूर्वाह्न 11 बजे से दीवानी कचहरी परिसर में आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोग बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान परिषद के पदाधिकारियों राणा पाठक, अश्वनी दुबे एवं राजेश दुबे ने बताया कि कोटिल्य परिषद एक सक्रिय सामाजिक संगठन है, जो समाज में आपसी समन्वय, भाईचारा और एकता को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से निरंतर कार्य कर रहा है। संगठन समय-समय पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को जागरूक करने और सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रयास करता है।
कार्यक्रम के दौरान भगवान परशुराम के जीवन, उनके आदर्शों और समाज के प्रति उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला जाएगा। साथ ही, समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को एक मंच पर लाकर सामाजिक समरसता और एकजुटता का संदेश दिया जाएगा।
परिषद के पदाधिकारियों ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर भगवान परशुराम के विचारों को आत्मसात करें और आयोजन को सफल बनाएं।
आयोजकों का मानना है कि इस प्रकार के आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव और जागरूकता को भी नई दिशा प्रदान करते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय