राशन वितरण के दौरान मतदाता सूची की जांच करेंगे कोटेदार : महेंद्र सिंह तंवर
कानपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए अब कोटेदार भी सहयोग करेंगे। राशन वितरण के दौरान वे लाभार्थियों से उनके परिवार के सदस्यों के मतदाता पंजीकरण की जानकारी लेकर सूची से छूटे लोगों को चिह्नित करेंगे और उन्हें नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करेंगे। यह बातें शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने वीडियो संदेश के माध्यम से जनपद के सभी कोटेदारों से अपील करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि कोटेदारों के पास राशन कार्डधारकों और उनके परिवारों का विवरण उपलब्ध रहता है। इस वजह से वे आसानी से पता लगा सकते हैं कि परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज हैं या नहीं। जिनका नाम सूची में शामिल नहीं है, उन्हें पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही ऐसे नागरिकों के नाम और मोबाइल नंबर उनकी सहमति से एकत्र किए जाएं, ताकि निर्वाचन विभाग तक उनकी जानकारी पहुंचाई जा सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि कोटेदारों से प्राप्त जानकारी पूर्ति निरीक्षकों और जिला पूर्ति कार्यालय के माध्यम से निर्वाचन तंत्र को उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद संबंधित नागरिकों को मतदाता के रूप में पंजीकृत कराने में आवश्यक सहयोग दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कोटेदारों का लोगों से नियमित संपर्क रहता है। ऐसे में उनकी भागीदारी से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों की पहचान करना आसान होगा। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए अपनी मतदाता सूची में नाम की जांच जरूर करें। पात्र नागरिकों का नाम सूची में शामिल कराने और त्रुटिरहित एवं समावेशी मतदाता सूची तैयार करने में सभी लोग अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप