दिव्यांगों के उत्पादों की खरीदारी से मिलेगा आर्थिक संबल होगा उत्साहवर्धन : नीलिमा कटियार

 


कानपुर, 06 नवंबर (हि.स.)। दिव्यांग दीपावली मेले के माध्यम से दिव्यांगजनों की विशिष्ट प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता को प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। यह मेला उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ अपने हस्तनिर्मित उत्पादों की बिक्री के लिए भी एक बेहतर मंच उपलब्ध करा रहा है। मेले में उपस्थित लोग अधिक से अधिक संख्या में उत्पादों की खरीदारी करें, जिससे दिव्यांगजनों को आर्थिक संबल मिल सके और उनका उत्साहवर्धन हो। यह बातें शुक्रवार को कल्याणपुर विधानसभा से भाजपा विधायक नीलिमा कटियार ने कहीं।

दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग एवं नेशनल फेडरेशन ऑफ ब्लाइंड के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार काे कानपुर अंध विद्यालय, नेहरू नगर में भव्य दिव्यांग दीपावली मेले का आयोजन किया गया। मेले में दिव्यांगजनों एवं दिव्यांग बच्चों द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार ने किया।

प्रदर्शनी में दिव्यांगजनों के हित में कार्यरत जनपद की 10 संस्थाओं द्वारा स्टॉल लगाए गए। इनमें दिव्यांग डेवलपमेंट सोसायटी, पहल सोसायटी, पुष्पा खन्ना मेमोरियल, कानपुर ब्लाइंड स्कूल, साई बाबा स्पेशल स्कूल एवं प्रगति लर्निंग सेंटर सहित अन्य संस्थाओं के दिव्यांग बच्चों द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित दीपक, मोमबत्तियां, कैलेंडर, बैग एवं विभिन्न सजावटी वस्तुओं को प्रदर्शित किया गया। विधायक ने सभी स्टॉलों का अवलोकन किया और दिव्यांग बच्चों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की खरीदारी भी की। कार्यक्रम में उपनिदेशक, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, कानपुर मंडल, राजेश कुमार सोनकर, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी विनय उत्तम, अंध विद्यालय के प्रधानाचार्य इंद्रजीत सिंह एवं समाजसेवी अजय यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप