केजीएमयू के चिकित्सकों ने दो मरीजों का घुटना प्रत्यारोपण कर दर्द से दिलाई निजात

 


लखनऊ, 11 अप्रैल (हि.स.)। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय लखनऊ के आर्थोपेडिक विभाग के चिकित्सकों ने दो मरीजों का घुटना प्रत्यारोपण कर दर्द से निजात दिलाने का काम किया। पहले मरीज हरि प्रसाद हैं। इनकी आयु 76 वर्ष है। वह उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के निवासी हैं। पिछले चार वर्षों से दोनों घुटनों में लगातार दर्द से पीड़ित थे। समय के साथ उनकी स्थिति इतनी गंभीर हो गई थी। उन्हें चलने-फिरने में अत्यधिक कठिनाई होने लगी और उनकी दैनिक गतिविधियाँ प्रभावित हो गई थीं।

दूसरे मरीज सत्यनारायण हैं। इनकी आयु 65 वर्ष हैं। यह प्रयागराज के निवासी हैं। यह पिछले तीन वर्षों से दोनों घुटनों के दर्द से परेशान थे। इन दोनों परिवारों के लिए यह समय अत्यंत भावनात्मक और चुनौतीपूर्ण कदम था, क्योंकि पूरा परिवार वर्षों तक दर्द सहते देखा था। इस अत्यंत जटिल सर्जरी को केजीएमयू के डाॅ. नरेन्द्र सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में ऑर्थोपेडिक सर्जनों की टीम ने सफलतापूर्वक संपन्न किया। घुटना प्रत्यारोपण में डाॅ. मनीष कुमार, डाॅ. आकाश सिंह, डाॅ. तुषार सिंह और डाॅ. आयुष तिवारी शामिल रहे।

एनेस्थीसिया टीम में डाॅ. हेमलता वर्मा, डाॅ. शिवम, डाॅ. गोविन्द और डाॅ. हरीश ने घुटना प्रत्यारोपण में सहयोग किया। डाॅ. नरेन्द्र सिंह कुशवाहा ने शनिवार को हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि सर्जरी के बाद दोनों मरीजों की स्थिति स्थिर है। वे केजीएमयू में नियमित फिजियोथेरेपी के माध्यम से तेजी से रिकवरी कर रहे हैं और अब दोनों मरीज अपने पैरों पर खड़े होकर चलने लगे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन