मथुरा से निकलकर मध्य प्रदेश तक पहुंचा केएम ग्रुप का विस्तार
मुरैना में हुई एसआर यूनिवर्सिटी की शुरुआत, बेटियों की शिक्षा और दूरदराज के छात्रों पर विशेष जोर
मथुरा, 19 नवम्बर (हि.स.)। शिक्षा, चिकित्सा, हॉस्पिटैलिटी और रियल एस्टेट के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करने वाला मथुरा का प्रतिष्ठित केएम ग्रुप अब अपने कारोबार एवं शैक्षणिक विस्तार को दूसरे राज्यों तक ले गया है। इसी क्रम में ग्रुप ने मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एसआर यूनिवर्सिटी की शुरुआत की है। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा 18 नवंबर को विश्वविद्यालय को मान्यता प्रदान किए जाने के बाद से ही ग्रुप और समर्थकों में भारी उत्साह का माहौल है।
गुरुवार इस बड़ी उपलब्धि पर केएम ग्रुप के चेयरमैन, मथुरा जिला पंचायत अध्यक्ष एवं केएम यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति किशन चौधरी को विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों द्वारा लगातार बधाइयाँ और शुभकामनाएँ मिल रही हैं।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किशन चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और मध्य प्रदेश सरकार के सहयोग से मुरैना जैसे क्षेत्र में इस विश्वविद्यालय की स्थापना संभव हो सकी है। यह संस्थान मध्य प्रदेश के आंतरिक एवं दूरस्थ क्षेत्रों में उच्च शिक्षा को और अधिक मजबूत बनाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास साबित होगा।
किशन चौधरी ने कहा कि शिक्षा हमेशा से उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रही है। उनका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा केवल बड़े शहरों तक सीमित न रहे, बल्कि दूर-दराज के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी उनके घर के नजदीक बेहतर शैक्षणिक सुविधाएँ मिल सकें।
उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण अंचलों की बेटियों की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि कई प्रतिभाशाली बेटियाँ दूरी और व्यावहारिक कठिनाइयों के कारण उच्च शिक्षा से वंचित रह जाती हैं। एसआर यूनिवर्सिटी के माध्यम से ऐसे क्षेत्रों में उच्च शिक्षा की पहुँच आसान होगी और बेटियों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर शिक्षा के अवसर प्राप्त होंगे।
मथुरा में केएम ग्रुप ने शिक्षा के क्षेत्र में केएम यूनिवर्सिटी और चिकित्सा के क्षेत्र में केएम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के माध्यम से अपनी गहरी पैठ बनाई है। इसके अलावा, रियल एस्टेट क्षेत्र में केएम सिटी के रूप में प्रीमियम टाउनशिप विकसित की जा रही है। हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में भी एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय होटल ब्रांड मैरियट के होटल का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जिसके जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है।
मथुरा से शुरू हुए केएम ग्रुप के इस सफर का मध्य प्रदेश तक पहुँचना यह साबित करता है कि ग्रुप स्वास्थ्य, शिक्षा, हॉस्पिटैलिटी और रियल एस्टेट में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार