किसान दिवस : डीएम सख्त, गड़बड़ी करने वाले क्रय केंद्र संचालकों पर कार्रवाई के निर्देश

 


बिजली समस्या के लिए जारी किया हेल्पलाइन नंबर, उड़द-मूंग की खरीद भी टोकन व्यवस्था से होगी

झांसी, 20 मई (हि.स.)। विकास भवन सभागार में आयोजित किसान दिवस में जिलाधिकारी गौरांग राठी किसानों की समस्याओं को लेकर सख्त नजर आए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि संचालित मसूर क्रय केंद्रों पर किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में मसूर खरीद के लिए 25 क्रय केंद्र प्रस्तावित हैं, जिनमें से नौ केंद्र संचालित हो चुके हैं, जबकि शेष केंद्र भी जल्द शुरू किए जाएंगे। इसके साथ ही उड़द और मूंग की खरीद भी टोकन व्यवस्था के माध्यम से कराई जाएगी, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। किसानों की बिजली समस्याओं के समाधान के लिए डीएम ने हेल्पलाइन नंबर 9452264299 जारी करते हुए कहा कि शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई होगी। वहीं आग लगने जैसी आपात स्थिति में 101 और यूपी-112 पर संपर्क करने की सलाह दी गई।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अब किसान दिवस की बैठकों में डीडी मंडी भी प्रतिभाग करेंगे, जिससे किसानों की उपज, खरीद और विपणन संबंधी समस्याओं का बेहतर समाधान हो सके। बैठक में किसानों ने रात में गेहूं तुलाई, बारदाने की कमी और फसल क्षति मुआवजे की शिकायतें भी उठाईं, जिनकी जांच कराने के निर्देश डीएम ने दिए।

भीषण गर्मी के मद्देनजर जिलाधिकारी ने किसानों से खेतों में सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि आग लगने की स्थिति में तत्काल 101 या यूपी-112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते सहायता पहुंचाई जा सके। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

फार्मर रजिस्ट्री नहीं तो नहीं मिलेगी खाद

बैठक में जिलाधिकारी ने किसानों से फार्मर रजिस्ट्री जल्द कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने अब तक फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराई है, वे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि समेत अन्य योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाएंगे। यहां तक कि भविष्य में खाद वितरण में भी समस्या आ सकती है।

उन्होंने बताया कि गेहूं क्रय केंद्रों पर विशेष कैंप लगाकर फार्मर रजिस्ट्री का कार्य कराया जा रहा है। कृषि विभाग के साथ जिला कार्यक्रम, मत्स्य, लघु सिंचाई और आपूर्ति विभाग को भी अभियान में सहयोग के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया