गुलाबी घटा में विराजमान हुए राजाधिराज, भक्तों को दिए मनमोहक दर्शन

 


मथुरा, 18 अगस्त (हि.स.)। पुष्टिमार्ग संप्रदाय के प्रसिद्ध मंदिर ठाकुर द्वारकाधीश में सावन मास के पावन अवसर पर धार्मिक अनुष्ठान और उत्सवों की धूम है। इसी श्रृंखला में मंगलवार शाम राजाधिराज ठाकुर द्वारकाधीश महाराज गुलाबी घटा में विराजमान होकर अपने भक्तों को अलौकिक दर्शन दिए।

मंदिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी (एडवोकेट) ने जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर के सभी कार्यक्रमों का निर्धारण मंदिर के गोस्वामी श्री श्री 108 डॉ. वागीश कुमार जी महाराज (कांकरोली नरेश, तृतीय पीठ) के निर्देशन में किया जाता है। परंपरा के अनुसार आज ठाकुर जी महाराज को गुलाबी घटा में विराजमान कराया गया। इस विशेष आयोजन के लिए संपूर्ण मंदिर प्रांगण को आकर्षक गुलाबी वस्त्रों, रंग-बिरंगी लाइटों और सुंदर फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। मीडिया प्रभारी तिवारी ने बताया कि पुष्टिमार्गीय परंपरा में ठाकुर जी को लाड़ लड़ाने के उद्देश्य से घटा और हिंडोला में विराजमान कराया जाता है। घटा का मुख्य तात्पर्य ठाकुर जी को बाहर के सुहाने मौसम की अनुभूति कराना है। यह विशेष क्रम पूरे सावन मास निरंतर जारी रहेगा।

बुधवार हरे मखमल के हिंडोले में होंगे दर्शन

मंदिर प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सांयकाल 5ः10 बजे से 5ः40 बजे तक ठाकुर जी महाराज हरे मखमल के हिंडोले में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। मंदिर ने सभी श्रद्धालुओं से इस मनोरथ में सम्मिलित होने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार