जुमे की नमाज को लेकर खोड़ा कॉलोनी छावनी में तब्दील, एक हजार जवान तैनात
गाजियाबाद, 05 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के खोड़ा कॉलोनी में हुए बहुचर्चित सूर्या हत्याकांड के बाद सांप्रदायिक तनाव को देखते हुए शुक्रवार काे जुमे की नमाज पर खोड़ा को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। शुक्रवार को 19 मस्जिदों पर नमाज सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस, पीएसी, आरएएफ, आरआरएफ की बटालियन समेत एक हजार पुलिसकर्मी क्षेत्र में तैनात है। पूरे क्षेत्र की ड्रोन कैमरों से निगरानी कराई जा रही है। खबर लिखे जाने तक नमाज सकुशल पढ़ी जा रही है।
पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल ने बताया कि खोड़ा में 19 मस्जिद और चार मदरसे हैं। इनमें से दो मदरसों को सील किया जा चुका है और एक पर नोटिस चस्पा किया गया है। वहीं, स्थानीय लोगों ने सुरक्षा बलों का सहयोग कर नमाज शांतिपूर्ण ढंग से कराने की बात कही है। सूर्या हत्याकांड के बाद कुछ हिंदू संगठनों की ओर से जुमे की नमाज न करने देने की चेतावनी दी गई है। उसी के मद्देनजर खोड़ा में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी