खेत बचाओ अभियान 2026 का शुभारंभ, मिट्टी की सेहत सुधारने पर जोर

 


कानपुर, 02 जून (हि.स.)। कृषि विज्ञान केंद्र दलीप नगर में मंगलवार को खेत बचाओ अभियान 2026 का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में किसानों को मिट्टी की जांच, संतुलित पोषण प्रबंधन, फसल चक्र और जैविक संसाधनों के उपयोग के माध्यम से खेतों की उर्वरता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में शिवराजपुर ब्लॉक प्रमुख शुभम बाजपेई ने कहा कि खेतों का स्वास्थ्य लगातार प्रभावित हो रहा है, जिसका असर मानव और अन्य जीवों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मिट्टी की जांच कर उसके अनुसार पोषक तत्वों का प्रयोग किया जाना चाहिए। साथ ही गोबर की खाद, वर्मी कम्पोस्ट, हरी खाद और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की आवश्यकता है।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के निदेशक प्रसार वी.के. त्रिपाठी ने कहा कि शुद्ध और सुरक्षित भोजन के लिए खेतों की मिट्टी का स्वस्थ होना जरूरी है। उन्होंने किसानों से मिट्टी के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी अजय कुमार सिंह ने कहा कि खेती और पशुपालन एक-दूसरे के पूरक हैं। पशुपालन से प्राप्त गोबर और गोमूत्र खेतों की उर्वरता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण और टिकाऊ खेती की तकनीकों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में भाजपा मंडल महामंत्री विनोद शुक्ला, ध्यानु सिंह सहित क्षेत्र के किसान मौजूद रहे। विभिन्न गांवों से आए 50 से अधिक किसान एवं महिला किसानों ने अभियान में भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप