खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड तथा मेरा युवा भारत के संयुक्त तत्वावधान में निकली खादी जागरूकता रैली

 






मुरादाबाद, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर क्षेत्रीय गांधी आश्रम मुरादाबाद में उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड तथा मेरा युवा भारत के संयुक्त तत्वावधान में खादी जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में सदस्य विधान परिषद गोपाल अंजान और जिलाधिकारी अनुनय झा सम्मिलित हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके उपरांत मुख्य अतिथियों ने हस्ताक्षर अभियान में सहभागिता करते हुए अपने हस्ताक्षर किए तथा सेल्फी पॉइंट पर पहुंचकर सेल्फी भी ली। इसके बाद एमएलसी और जिलाधिकारी ने खादी जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर एमएलसी और जिलाधिकारी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए आयोजन में सहयोग करने वाले सभी विभागों एवं प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने रैली में शामिल बच्चों से संवाद किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर एमएलसी ने उपस्थित युवाओं को खादी के प्रति जागरूकता एवं इसे अपनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से खादी को अधिक से अधिक अपनाने तथा इसके प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया, ताकि देश की समृद्ध परंपरा, स्वदेशी भावना और विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सके।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी नगर अंकुर श्रीवास्तव, उपायुक्त उद्योग, जिला युवा अधिकारी, खादी पीएमसी टीम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल