स्टाइपेंड वृद्धि के आश्वासन के बाद एमबीबीएस इंटर्न्स का आंदोलन स्थगित

 


लखनऊ, 23 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के एमबीबीएस इंटर्न्स द्वारा वर्तमान 12,000 से बढ़ाकर 30,000 प्रतिमाह स्टाइपेंड किए जाने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को 15 दिनों के लिए स्थगित किया गया है। यह निर्णय केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. के.के. सिंह द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद लिया गया है।

प्रोफेसर डॉ. के.के. सिंह ने रविवार काे बताया कि यूपी के महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा से इंटर्न्स के स्टाइपेंड वृद्धि के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की है तथा उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से भी इस विषय में बात की है। अधिकारियों की ओर से आश्वासन दिया गया है कि यूपी एमबीबीएस इंटर्न्स के स्टाइपेंड वृद्धि का मुद्दा आगामी 15 दिनों के भीतर कैबिनेट के समक्ष रखा जाएगा। इसके लिए 7 सितंबर 2026 तक की समयसीमा निर्धारित की गई है।

इस आश्वासन को ध्यान में रखते हुए इंटर्न्स ने अपने आंदोलन को 7 सितंबर 2026 तक स्थगित करने का निर्णय लिया है, ताकि सरकार को इस विषय पर आवश्यक कार्रवाई करने के लिए समय दिया जा सके।

प्रोफेसर डॉ. के.के. सिंह ने स्पष्ट रूप से कहा है कि यदि 7 सितंबर तक सरकार की ओर से स्टाइपेंड वृद्धि के संबंध में कोई लिखित पुष्टि नहीं मिलती है, तो वे स्वयं इंटर्न्स के आंदोलन में उनके साथ खड़े होंगे।

एमबीबीएस इंटर्न्स प्रतिनिधिमण्डल के अनुसार आंदोलन को स्थगित करने का यह निर्णय सरकार के आश्वासन पर विश्वास और सकारात्मक परिणाम की उम्मीद के साथ लिया गया है। इस अवधि के दौरान इंटर्न्स सरकार द्वारा की जा रही कार्रवाई पर नजर बनाए रखेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन