केजीएमयू ट्रामा सेंटर के चिकित्सकों ने जटिल सर्जरी कर युवक की बचाई जान
लखनऊ, 16 जुलाई (हि.स.)। किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के ट्रामा सेंटर के चिकित्सकों ने आपातकालीन उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं का परिचय देते हुए अत्यंत दुर्लभ एवं जटिल सर्जरी कर 23 वर्षीय एक युवक को जीवनदान दिया। यह सर्जरी जटिल इसलिए थी क्योंकि चार लोहे की सरिया मरीज के बाएं नितम्ब से प्रवेश कर छाती और पेट को चीरते हुए पार हो गयी थी। इनमें से तीन सरिया दाहिने कंधे एवं गर्दन के समीप तक पहुंच गयी थी, जबकि एक सरिया रीढ़ के पास पीठ की ओर निकली थी। इन सरियों से युवक का फेफड़ा, अमाशय, छोटी आंत और मूत्राशय सहित कई महत्वपूर्ण अंग गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए थे।
ग्राम राजेपुर जिला फर्रूखाबाद निवासी उमेश मजदूर है। 13 जुलाई को लखनऊ में बादशाह नगर में एक निर्माणाधीन इमारत पर कार्य करते समय ऊंचाई से गिरने के कारण वह लोहे की सरिया पर जा गिरा। सरिया उसके शरीर में धंस गयी और वह उसी में फंस गया। स्थानीय लोगों ने सरिया को काटकर उसे तुरंत केजीएमयू ट्रामा सेंटर पहुंचाया। ट्रामा सेंटर में डाॅ. समीर मिश्रा के निर्देशन में डाॅ. नरेन्द्र कुमार की टीम तुरंत जांच व उपचार में लग गयी। इसके बाद कुशलतापूर्वक आपरेशन किया गया। मरीज की हालत अब सामान्य है। आईसीयू में क्रिटिकल केयर विशेषज्ञों की देखरेख में वह स्वस्थ हो रहे हैं। केजीएमयू की कुलपति प्रोफेसर सोनिया नित्यानंद ने इस जटिल सर्जरी करने वाली पूरी टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि ट्रामा सर्जरी विभाग एवं ट्रामा सेंटर ने एक बार फिर त्वरित एवं उच्च गुणवत्तावाली आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर प्रदेश में अग्रणी भूमिका सिद्ध कर रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन