बांदा की 11 बेटियों का केजीबीवी टेबल टेनिस यूनिट टीम में चयन, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दिखाएंगी दमखम
बांदा, 12 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा की कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) की बालिकाओं ने खेल के क्षेत्र में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। केजीबीवी यूनिट टीम में बड़ोखर खुर्द की 8 तथा महुआ केजीबीवी की 3 बालिकाओं सहित कुल 11 बालिकाओं का चयन हुआ है। चयनित खिलाड़ी 12 से 22 सितंबर तक आयोजित यूनिट कैंप के विशेष प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभाग करेंगी तथा इसके बाद 23, 24, 25 एवं 26 सितंबर को बरेली में आयोजित राज्य स्तरीय स्कूल स्टेट प्रतियोगिता में अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी।
टीम के कोच प्रदीप वर्मा तथा टीम मैनेजर सुमन सिंह एवं अर्चना वर्मा के मार्गदर्शन में बालिकाएं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए तैयारियां करेंगी। बालिकाओं के चयन से केजीबीवी परिवार, अभिभावकों और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। ज्ञातव्य है कि चयनित इन खिलाड़ियों ने हाल ही में सम्पन्न बांदा मिनी ओलम्पिक में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया था। मिनी ओलम्पिक में किए गए प्रदर्शन के बाद राज्य स्तरीय टीम में उनका चयन जनपद की बालिका खेल प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
बालिकाओं के चयन पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अव्यक्त राम तिवारी, जिला ओलम्पिक एसोसिएशन बांदा के प्रेसीडेंट रामेंद्र शर्मा, जिला ओलंपिक एसोसिएशन बाॅंदा के महासचिव डॉ. इन्द्रवीर सिंह , जिला ओलम्पिक एसोसिएशन बांदा के मीडिया प्रभारी सुनील सक्सेना, रामविलास राजपूत (लेखाकार), कविता गुप्ता (प्रभारी वार्डन) तथा प्रभात शुक्ला (जिला समन्वयक, बालिका शिक्षा) ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों, कोच एवं मैनेजर को हार्दिक बधाई दी और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अव्यक्त राम तिवारी ने उम्मीद जताई कि बांदा की ये प्रतिभाशाली बेटियां राज्य स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह