कांग्रेस की बेचैनी यही है कि अति पिछड़े वर्ग का बेटा प्रधानमंत्री कैसे बन गया : केशव प्रसाद मौर्य

 


लखनऊ, 03 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता व उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आजादी दिलाने का अहंकार पालने वाली कांग्रेस एंड कंपनी स्वयं को इस देश का स्थायी राजा मानती है। लेकिन देश में लोकतंत्र है, जो कांग्रेस और गांधी परिवार से आगे की सोचता है।

केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि नकारात्मकता से ओतप्रोत कांग्रेस की सबसे बड़ी राजनीतिक बेचैनी शायद यही है कि एक गरीब परिवार और अति पिछड़े वर्ग का बेटा, जिसने कभी चाय बेची, देश के प्रधानमंत्री पद तक कैसे पहुंच गया। जनता के जनादेश से लगातार तीसरी बार भारत का प्रधानमंत्री कैसे बन गया!

उप मुख्यमंत्री ने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का राजनीतिक सफर इसकी जीती-जागती मिसाल है कि लोकतंत्र में किसी व्यक्ति की पारिवारिक हैसियत नहीं, बल्कि जनता का विश्वास उसे सत्ता के शिखर तक पहुंचाता है। विरोध हो, आरोप हों या तीखी राजनीतिक लड़ाई हो, लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता की अदालत में ही होता है।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने नेतृत्व में विकास, गरीब कल्याण, आत्मनिर्भरता और 2047 तक विकसित भारत के निर्माण को राष्ट्रीय एजेंडे के केंद्र में रखा है। गरीबों का सशक्तिकरण, युवाओं को अवसर, किसानों की प्रगति, नारी शक्ति की भागीदारी और भारत को आर्थिक व तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाना- ये लक्ष्य स्पष्ट हैं। राजनीतिक विरोध और आरोप-प्रत्यारोपों के बीच भारत की ‘आकांक्षाएं’ कहीं बड़ी हैं। 2047 में आजादी के 100 साल पूरे होने तक भारत विकसित भारत बनेगा। इसमें शक की कोई गुंजाइश नहीं है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी हों या सपा प्रमुख अखिलेश यादव, राजनीतिक आरोपों और दुष्प्रचार पर अंतिम फैसला जनता ही करती है। भाजपा और राजग अपने सुशासन, विकास और गरीब कल्याण के एजेंडे को लेकर जनता के बीच हैं। भाजपा का संकल्प है कि सुशासन और विकास की राजनीति के साथ देश और प्रदेश में ‘कमल’ खिलता रहे।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन