सपा और कांग्रेस में परिवारवाद के अलावा कोई साम्यता नहीं : केशव प्रसाद मौर्य

 


लखनऊ, 22 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि सपा और कांग्रेस में परिवारवाद के अलावा कोई साम्यता नहीं है। दोनों दलों में आपस में न कोई भरोसा है और न ही कोई तालमेल। उनके बीच एक ‘अवसरवादी मेल’ है।

उप मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर लिखा कि जनता 2017 में इनके ‘स्वार्थी ठगबंधन’ की हवा निकाल चुकी है। 2027 में इनका राजनीतिक सूपड़ा साफ होना तय है। जनता अच्छी तरह से समझ चुकी है कि सपा-कांग्रेस का मतलब है परिवारवाद, तुष्टीकरण की राजनीति। वहीं भाजपा विकास, सुशासन, सुरक्षा और गरीब कल्याण के दम पर जनता का भरोसा जीत रही है। यही कारण है कि उत्तर प्रदेश की जनता ने 2027 में फिर प्रचंड बहुमत से तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का मन बना लिया है। केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी को क़ायदे से मालूम होना चाहिए कि कांग्रेस के शासनकाल में बोफोर्स, अगस्ता वेस्टलैंड और पनडुब्बी जैसे अनेक घोटाले देश के प्रति 'ग़द्दारी' थे। इनमें कांग्रेस के हाथ के साथ विदेशी हाथ थे। इन घोटालों की कालिख गांधी परिवार की चौखट तक पहुंची थी।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन