अखिलेश और ममता की जनविरोधी राजनीति अब अंतिम सांस ले रही : केशव प्रसाद मौर्य

 


लखनऊ, 05 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि राहुल गांधी, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी और एम. के. स्टालिन की जनविरोधी राजनीति अब अंतिम सांस ले रही है। भ्रम की राजनीति के दिन लद गए। इसमें अब कोई संदेह नहीं कि ‘जनादेश को अपमानित’ करने वालों को इतिहास माफ नहीं करेगा।

उप मुख्यमंत्री ने मंगलवार को अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर लिखा कि जनता जनार्दन है। उसका आदेश सर्वोपरि है। भाजपा की सेवा, सुशासन और विकास की जीत को स्वीकार न करना लोकतंत्र और संविधान, दोनों का अपमान है। केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा कि भाजपा को लेकर सपा, कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और डीएमके की फ़ितरत मतिभ्रम की रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपार मेहनत, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की सधी व अचूक रणनीति और समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत का ही नतीजा है कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। अधिकांश राज्यों में भाजपा और उसके गठबंधन की सरकारों पर जनता बार-बार अपना आशीर्वाद बरसा रही है। ज़ाहिर है कि इससे विपक्ष के सामने ‘अस्तित्व का संकट’ खड़ा हो गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन