सपा की अराजकता हमेशा के लिए दफन हो जाएगी: केशव प्रसाद मौर्य
लखनऊ,03 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा पर पलटवार करते हुए कहा कि अखिलेश यादव को एक नेक सलाह है कि वे गलतफहमियों का शिकार न बनें। सपा अध्यक्ष ने एक दिन पहले सोशल मीडिया पर लिखा था कि एक-दूसरे को पीछे धकेलने की साज़िश ही भाजपा की असली सच्चाई है।
इसके बाद उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर रविवार को लिखा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व व मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी और सरकार का नेतृत्व करने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और मेरे साथ समूचा भाजपा नेतृत्व और हर एक भाजपा कार्यकर्ता चट्टान की तरह एकजुट है।
केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा कि 'सपा को सफा' करने का हमारा संकल्प अटल है। बांटो और सत्ता हथियाने की आपकी सारी 'कसरत' धरी की धरी रह जाएगी। सपा की गुंडागर्दी और अराजकता हमेशा के लिए दफन हो जाएगी। 2017 व 2022 में आपका और आपकी सपा का जो हश्र हुआ था, उससे भी बुरा हाल 2027 में होने जा रहा है। यह गांठ बांध लीजिए।
अखिलेश यादव के इशारों पर मर्यादा लांघकर ‘फर्जी पीडीए’ परोसने वालों को उत्तर प्रदेश की जागरूक जनता भली-भांति पहचानती है। सदन में उनकी भाषा और आचरण ही उनके समर्थकों की शैली और व्यवहार में साफ़-साफ़ दिखाई पड़ते हैं और यही उनकी राजनीति की असल फितरत भी बेनकाब करते हैं।
उप मुख्यमंत्री ने लिखा कि साफ है कि 2027 क्या, 2047 तक भी सैफई परिवार का मुख्यमंत्री बनने का सपना अधूरा ही रहेगा। सपा का पूरा इतिहास अराजकता, जुल्म और गुंडागर्दी के काले पन्नों से भरा रहा है, जिसे प्रदेश की जनता अब दोबारा स्वीकार करने वाली नहीं है। उत्तर प्रदेश में फिर एक बार कमल खिलेगा और सुशासन कायम रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन