समूह की दीदियों को लखपति दीदी बनाने के लक्ष्य को तीन लाख तक पहुंचाएं : केशव प्रसाद मौर्य

 


—वाराणसी में उपमुख्यमंत्री ने की विकास कार्यों की समीक्षा

वाराणसी, 06 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया है। उन्होंने कहा कि समूह की दीदियों को लखपति दीदी बनाने के लक्ष्य को वर्ष में एक लाख से बढ़ाकर तीन लाख तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं। शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर शहर में आए उपमुख्यमंत्री मौर्य स्थानीय सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि जनपद की ग्राम पंचायतों में विशेष कैंप आयोजित कर पात्र दिव्यांग एवं विधवा महिलाओं को आवास योजनाओं से आच्छादित किया जाए। इन कैंपों में मुख्य चिकित्साधिकारी की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, जिससे पात्र दिव्यांग लाभार्थियों की पात्रता की जांच नियमानुसार की जा सके। बैठक में निर्देशित किया गया कि जनपद में निर्मित बारात घरों का संचालन स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से कराया जाए, जिससे महिलाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें,साथ ही विवाह एवं अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए उचित किराया निर्धारित कर उनका व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जाए। जिन ग्राम पंचायतों में बारात घर की आवश्यकता है, वहां उपयुक्त स्थलों का चिन्हांकन कर सीएसआर मद के माध्यम से निर्माण कराने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जिले के मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जनपद में लगभग 1.48 लाख स्वयं सहायता समूह की दीदियाँ सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। इस पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विभागीय कार्य मॉडल वर्क और टीम भावना के साथ किए जाएं, ताकि विकास कार्यों में गति, पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प के अनुरूप ग्रामीण विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीणों के आर्थिक, शैक्षिक और सामाजिक उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है और महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, अधिशासी अभियन्ता ग्रामीण अभियन्त्रण विभाग के अफसरों के साथ भाजपा के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी