केशव प्रसाद मौर्य ने 'जनता दर्शन' में सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को दिए निर्देश
लखनऊ, 16 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को अपने आवास पर आयोजित 'जनता दर्शन' में विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याओं को सुना। लोगों को आश्वस्त किया कि सरकार हर पात्र व्यक्ति को न्याय दिलाने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
जनता दर्शन के दौरान उपमुख्यमंत्री ने विशेष रूप से महिलाओं और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे पीड़ितों की समस्याओं का निराकरण किया । जनपद सम्भल निवासी शांति देवी पत्नी लक्ष्मण कुमार ने विधवा पेंशन दिलाने के लिए जिलाधिकारी से वार्ता कर निर्देश दिए। इसी प्रकार लखनऊ की कमला देवी ने आयुष्मान कार्ड बनवाने तथा वाराणसी की सरिता सेठ पत्नी रामकुमार सेठ ने कैंसर जैसे असाध्य रोग के उपचार हेतु आर्थिक सहायता प्रदान करने की गुहार लगाई। इन प्रकरणाें में कार्यवाही हेतु अधिकारी को आदेश दिए। फिरोजाबाद से आई संध्या पत्नी अमित कुमार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत घर दिलाने का अनुरोध किया।
अधिकारियों काे दिए दूरभाष पर निर्देश
उपमुख्यमंत्री ने जन शिकायतों के निस्तारण में विलंब पर कड़ा रुख अपनाते हुए मौके से संबंधित जिलों के उच्चाधिकारियों से फोन पर वार्ता की। उन्होंने जिलाधिकारी बुलंदशहर, प्रतापगढ़, शामली, अंबेडकर नगर, मिर्जापुर, गाजियाबाद, अयोध्या और फर्रुखाबाद को निर्देशित किया कि वे लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में उन्होंने पुलिस अधीक्षक संभल, रायबरेली, बदायूं, ललितपुर और चित्रकूट को निष्पक्ष जांच कर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री मौर्य ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हमारी प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी सुनिश्चित करें कि गरीब और असहाय लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन