आज़म खां को केवल जमानत मिली है आरोपों से बरी नहीं हुए: केशव प्रसाद मौर्य

 


लखनऊ, 19 नवंबर (हि.स.)l भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और वरिष्ठ सपा नेता मोहम्मद आज़म खान पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उप मुख्यमंत्री ने सपा के शासनकाल की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प दोहराया है।

केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को अपने सोशल मीडिया पोस्ट में अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए उन पर 'याददाश्त का संकट' होने का तंज कसा गया है। कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता सपा की वोट बैंक की राजनीति के तहत रामभक्तों पर चली गोलियों, दंगों के आरोपों, अपराधियों को दिए गए संरक्षण और ध्वस्त कानून-व्यवस्था को भूली नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने सपा पर जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप भी लगाया गया है।

आज़म खान की ज़मानत पर प्रतिक्रिया

सपा नेता मोहम्मद आज़म खान को मिली ज़मानत का ज़िक्र करते हुए उप मुख्यमंत्री ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि उन्हें केवल ज़मानत मिली है, वे आरोपों से बरी नहीं हुए हैं और ज़मानत का अर्थ बेगुनाही कदापि नहीं होता। बयान में आज़म खान पर जौहर विश्वविद्यालय के नाम पर ज़मीन कब्जाने, भ्रष्टाचार और भारत माता व डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रति कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के गंभीर आरोप दोहराए गए हैं। इसमें कहा गया है कि ऐसे नेता का राजनीतिक बचाव करने वालों से प्रदेश की जनता जवाब मांगने के लिए तैयार है।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता गुंडाराज, तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार और परिवारवाद की वापसी नहीं चाहती है। 'राधे-राधे, कमल खिला दे' के नारे के साथ यह दावा किया कि 2027 में प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प अटल है।

--------------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन