केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिले पूर्व सांसद आर के पटेल, सड़क परियोजनाओं को पूरा कराने की मांग

 


-कर्वी, अतर्रा बाईपास और खोह ओवरब्रिज परियोजना की पूर्व सांसद ने की मंत्री से चर्चा

-सड़क परियोजनाएं पूर्ण होने से बदलेगी बांदा-चित्रकूट की तस्वीर

चित्रकूट, 05 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बुंदेलखंड के बांदा-चित्रकूट सीट से पूर्व सांसद आर. के. सिंह पटेल ने बुधवार को संसद भवन नई दिल्ली स्थित केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बांदा और चित्रकूट जनपद में लंबे समय से लंबित राष्ट्रीय राजमार्ग एवं सड़क परियोजनाओं को जल्द से जल्द पूर्ण कराने की मांग की।

मुलाकात के दौरान बांदा-चित्रकूट के पूर्व सांसद आर.के. सिंह पटेल ने बताया कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव से पूर्व जिन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का कार्य प्रारंभ हुआ था, उनमें कुछ कार्य अभी भी अधूरे हैं। इन परियोजनाओं के पूरा न होने से स्थानीय लोगों, किसानों, व्यापारियों तथा प्रतिदिन आवागमन करने वाले हजारों पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, दुर्घटनाओं में कमी आएगी तथा विकास को नई गति मिलेगी।

पूर्व सांसद की बातों को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने गंभीरता से सुना और तत्काल संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क कर परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों से बातचीत के बाद मंत्री ने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए तथा भरोसा दिलाया कि सभी परियोजनाओं में तेजी लाई जाएगी। पूर्व सांसद श्री पटेल ने केंद्रीय मंत्री से सबसे महत्वपूर्ण एनएच-35 चित्रकूट-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर खोह रेलवे फाटक के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज का मुद्दा उठाया। जिस पर मंत्री ने अधिकारियों से इसकी प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि इस ओवरब्रिज का निर्माण कार्य मार्च 2027 तक हर हाल में पूर्ण कराया जाए।

इसके अलावा बांदा जनपद के अतर्रा बाईपास का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। पूर्व सांसद ने मंत्री को याद दिलाया कि महोबा की जनसभा के दौरान अतर्रा बाईपास के निर्माण की घोषणा की गई थी। इस पर मंत्री ने बताया कि परियोजना को स्वीकृति मिल चुकी है, अब जल्द ही इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।इसके साथ ही पूर्व सांसद श्री पटेल ने एनएच-731 (ए) कर्वी बाईपास एवं कर्वी-बूढ़ा राजापुर मार्ग के सपहा क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्य की डिजाइन में संशोधन का विषय भी रखा गया। उन्होंने बताया कि वर्तमान डिजाइन के कारण स्थानीय लोगों के वाहनों के चढ़ने और उतरने में कठिनाई होगी। इस पर केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक संशोधन कर वहां उपयुक्त संपर्क मार्ग एवं सड़क निर्माण कराने के निर्देश दिए, जिससे आम जनता को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पूर्व सांसद आर.के. सिंह पटेल ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से सुना और तत्काल अधिकारियों से बात कर सकारात्मक पहल की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मंत्री के निर्देशों के बाद सभी लंबित परियोजनाओं में तेजी आएगी और बांदा-चित्रकूट की जनता को जल्द बेहतर सड़क सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रतन पटेल