केन नदी पुल पर महिला ने चार बच्चों के साथ उठाया खतरनाक कदम
यातायात पुलिस ने पांच जिंदगियां बचाईं
बांदा, 27 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में केन नदी पुल पर एक महिला अपने चार बच्चों के साथ नदी की ओर आत्महत्या करने के लिए जाने लगी। स्थिति पर नजर पड़ते ही यातायात पुलिसकर्मियों ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए महिला और उसके चारों बच्चों को सुरक्षित बचा लिया। पुलिसकर्मियों की तत्परता और संवेदनशीलता से पांच जिंदगियां सुरक्षित बच गईं। इसके बाद महिला और बच्चों को समझाकर सुरक्षित रूप से कोतवाली नगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक यातायात महेन्द्र प्रताप सिंह के मुताबिक वह रविवार को अपनी टीम के साथ शहर में यातायात व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान केन नदी पुल पर महिला और उसके चार बच्चों को देखकर पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए प्रभारी यातायात ने अपने हमराह, चालक तथा मौके पर मौजूद आरक्षी पवन कुशवाहा के साथ मिलकर महिला और बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
पुलिसकर्मियों ने महिला को धैर्यपूर्वक समझाया और मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। बाद में महिला और उसके चारों बच्चों को सुरक्षित रूप से कोतवाली नगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
इस सराहनीय कार्य में प्रभारी निरीक्षक यातायात महेन्द्र प्रताप सिंह, मुख्य आरक्षी यातायात कृष्ण प्रताप, आरक्षी यातायात सरवर आलम, आरक्षी यातायात आशुतोष राजपूत तथा आरक्षी पवन कुशवाहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यातायात पुलिस की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता से पांच लोगों की जान सुरक्षित बचाई जा सकी।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह