केडीए परिवर्तन दस्ते पर खानापूर्ति का आरोप, सचिव से की शिकायत

 


कानपुर, 16 जून (हि.स.)। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) द्वारा भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारकों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन रूमा क्षेत्र में की गई एक कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले के पैरोकार एवं व्यापारी शरद लोचन शुक्ला ने केडीए के परिवर्तन दस्ते पर सांठगांठ कर आधी-अधूरी कार्रवाई करने का आरोप लगाया है और मंगलवार काे सचिव से शिकायत की है।

शरद लोचन शुक्ला के अनुसार उन्होंने 29 मई को उप जिलाधिकारी से रूमा क्षेत्र स्थित आराजी संख्या 236, 237, 238, 229 और 239 पर अवैध कब्जे की शिकायत की थी। उनका आरोप है कि आराजी संख्या 229 और 236 के आसपास सरकारी भूमि भी मौजूद है तथा इसी क्षेत्र में संतोष कुमार प्रसाद की भूमि भी स्थित है। शिकायत के मुताबिक दिलीप कुमार गुप्ता ने बाउंड्रीवाल और गेट लगाकर जमीन पर कब्जा कर लिया है। शरद लोचन का कहना है कि संबंधित व्यक्ति की नजर आसपास की अन्य भूमि पर भी है और धीरे-धीरे पूरे क्षेत्र पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने बताया कि जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद उप जिलाधिकारी के आदेश पर केडीए का परिवर्तन दस्ता मौके पर पहुंचा था। आरोप है कि दस्ते ने केवल पीछे के हिस्से में सीमित तोड़फोड़ कर कार्रवाई की औपचारिकता पूरी कर दी, जबकि जीटी रोड की ओर स्थित मुख्य हिस्से में बनी बाउंड्रीवाल और गेट को नहीं हटाया गया। इसके बाद कार्रवाई का वीडियो बनाकर वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा गया और मीडिया में भी कार्रवाई पूरी होने की जानकारी प्रसारित की गई।

शरद लोचन शुक्ला का आरोप है कि इससे न केवल अधिकारियों को गुमराह किया गया बल्कि मीडिया के माध्यम से आम जनता तक भी गलत सूचना पहुंचाई गई। उन्होंने केडीए सचिव से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच कराई जाए तो वास्तविक स्थिति सामने आ जाएगी और अवैध कब्जे का पूरा मामला उजागर हो जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप