बिना मानचित्र स्वीकृत कराए हो रहे निर्माण पर केडीए की कार्रवाई, भवन सील
कानपुर, 02 जून (हि.स.)। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने जूही सरोजनी नगर फजलगंज में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए हाे रहे निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक भवन को सील कर दिया। यह कार्रवाई जोन-2बी के अंतर्गत भूखंड संख्या 102 व 103 (122/235 पार्ट) पर की गई।
केडीए के अनुसार देवेंद्र जौली के पुत्र तरुण जौली और वरुण जौली द्वारा करीब 400 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण कराया जा रहा था। जांच में निर्माण नियमों के विपरीत पाए जाने पर प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर भवन को सील कर दिया।
कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन जोन-2बी के विशेष कार्याधिकारी सत् शुक्ला, अवर अभियंता रमाकांत, प्रवर्तन दस्ता तथा फजलगंज थाने की पुलिस मौजूद रही। प्राधिकरण ने बताया कि क्षेत्र में अन्य अवैध निर्माणों को भी चिह्नित किया जा रहा है।
केडीए का कहना है कि चिह्नित अवैध निर्माणों के खिलाफ नियमानुसार सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। अवैध निर्माण के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप