केडीए ने 10.65 करोड़ की सरकारी भूमि कराई कब्जामुक्त, 36 बीघा अवैध प्लॉटिंग पर नोटिस

 


कानपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने शुक्रवार को अवैध निर्माण, प्लॉटिंग और कब्जों के खिलाफ अभियान चलाकर करीब 25 बीघा भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया, जिसकी अनुमानित कीमत 10 करोड़ 65 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई है। वहीं, करीब 36 बीघा क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ नोटिस जारी कर 14 जुलाई को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई तय की गई है।

कानपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक और सचिव अभय कुमार पांडेय के निर्देश पर विशेष कार्याधिकारी, उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन जोन-चार और भूमि बैंक जोन-एक की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। अभियान के दौरान राजू उत्तम व अन्य द्वारा ग्राम फुफवारसुईथोक में की जा रही करीब 11 बीघा अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया। चंद्रशेखर पांडेय व अन्य द्वारा ग्राम मवइया में प्राधिकरण की करीब पांच बीघा भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाया गया। वहीं, स्टार लैंड डेवलपर्स द्वारा नर्वल तहसील रोड पर विकसित की जा रही करीब नौ बीघा अवैध प्लॉटिंग पर आंशिक ध्वस्तीकरण करते हुए बाउंड्रीवाल सहित अन्य निर्माण हटाए गए। केडीए के अनुसार, स्टार लैंड डेवलपर्स को शमन मानचित्र स्वीकृत कराने के लिए पांच दिन का सशर्त समय दिया गया है। यदि निर्धारित अवधि में मानचित्र स्वीकृत नहीं कराया गया तो नियमानुसार पूरी प्लॉटिंग पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

डॉ. रवि प्रताप सिंह ने कहा कि बिना केडीए से मानचित्र स्वीकृत कराए किसी भी प्रकार का निर्माण या प्लॉटिंग न करें। प्राधिकरण की अर्जित भूमि, ग्राम समाज या सीलिंग भूमि पर कब्जा अथवा अवैध खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो संबंधित धाराओं में एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी और अभियान लगातार जारी रहेगा।

प्राधिकरण ने एन.के. ग्रीन सोसाइटी (नर्वल तहसील रोड), पप्पू फुटवियर (सरसौल-प्रयागराज रोड), स्टार ग्रीन सिटी (न्यू कानपुर जंक्शन रोड), संजय शुक्ला व अन्य (नगवा बंबा) तथा विनोद यादव, संजीव यादव, जे.पी. मौर्य व अन्य (हाथीपुर अंडरपास के पास) द्वारा की जा रही करीब 36 बीघा अवैध प्लॉटिंग के मामलों में भी नोटिस जारी किए हैं। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर इन सभी के खिलाफ 14 जुलाई को ध्वस्तीकरण अभियान चलाया जाएगा। कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन से भी समन्वय कर लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप