अवैध प्लॉटिंग पर चला प्राधिकरण का बुलडोजर, आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी
कानपुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। अवैध प्लॉटिंग, अनाधिकृत निर्माण और अवैध विकास के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। चिन्हित स्थलों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है और भविष्य में भी नियमों के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। यह बातें बुधवार को कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल ने कही।
कानपुर विकास प्राधिकरण द्वारा प्रवर्तन जोन-4 क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। आज थाना चकेरी क्षेत्र के अंतर्गत आराजी संख्या-769, मौजा सनिगवां में अनधिकृत रूप से की जा रही प्लॉटिंग एवं अवैध कब्जे को ध्वस्त कराया गया।
यह कार्रवाई उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल के निर्देश एवं सचिव के आदेश पर की गई। प्रवर्तन जोन-4 के प्रभारी अधिकारी के निर्देशन में सहायक अभियंता अतुल चतुर्वेदी, अवर अभियंता, प्रवर्तन स्टाफ, विभागीय सुरक्षा बल एवं क्षेत्रीय पुलिस बल की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
प्राधिकरण की टीम ने मौके पर अन्य अवैध प्लॉटिंग को भी चिन्हित किया है, जिनके खिलाफ आगामी दिनों में कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध निर्माण और अनधिकृत विकास को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्राधिकरण के अनुसार भविष्य में भी इसी प्रकार अभियान चलाकर अवैध प्लॉटिंग, अनधिकृत निर्माण और अवैध विकास के विरुद्ध ध्वस्तीकरण एवं सीलिंग की कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप