कानपुर विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माण और प्लाटिंग पर चलाया बुलडोजर

 


कानपुर, 11 मई (हि.स.)। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने सोमवार को जोन-एक बी क्षेत्र में अवैध निर्माण और अनाधिकृत प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब साढ़े आठ बीघा क्षेत्र में ध्वस्तीकरण अभियान चलाया।

यह कार्रवाई उपाध्यक्ष अंकुर कौषिक और सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर विशेष कार्याधिकारी एवं उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई। प्रवर्तन टीम ने बैरी अकबरपुर बांगर स्थित आराजी संख्या-930 व अन्य भूमि पर हरि मोहन गुप्ता व अन्य लोगों की लगभग तीन बीघा क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृति के कराए जा रहे व्यावसायिक निर्माण को ध्वस्त कराया। यहां गेस्ट हाउस और होटल निर्माण कराया जा रहा था। इसके अलावा कटरी क्षेत्र में आराजी संख्या-1397, 1398, 1399, 1390, 1388 व अन्य भूमि पर रामबाबू, मोनू यादव व अन्य लोगों की लगभग साढ़े पांच बीघा में विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग पर भी बुलडोजर चलाया गया। ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान अवर अभियंता हिमांशु बर्नवाल, सुपरवाइजर राम औतार, मनोज कुमार, राज कुमार और लाल सिंह के साथ संबंधित थाने का पुलिस बल मौजूद रहा।

डॉ. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि करीब साढ़े नौ बीघा में विकसित की जा रही अन्य अवैध प्लाटिंग को भी चिन्हित कर लिया गया है। इन स्थलों पर ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई के लिए 15 मई की तारीख तय की गई है। पर्याप्त पुलिस बल मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आम लोगों से अपील की कि प्राधिकरण क्षेत्र में किसी भी प्लाटिंग में भूमि खरीदने से पहले केडीए से ले-आउट स्वीकृति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। साथ ही भवन निर्माण से पहले मानचित्र स्वीकृत कराकर उसी के अनुरूप निर्माण कराएं, ताकि भविष्य में आर्थिक और मानसिक क्षति से बचा जा सके।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार