कांवड यात्रा को सकुशल संपन्न कराना शासन की प्राथमिकता : मुख्य सचिव
डीजीपी ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने पर कार्रवाई के दिये निर्देश
लखनऊ/मेरठ, 20 जुलाई (हि.स.)। कांवड यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराये जाने हेतु शासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को मुख्य सचिव एस.पी.गोयल एवं डीजीपी राजीव कृष्णा ने कांवड यात्रा को लेकर मेरठ मंडलायुक्त सभागार में मेरठ, सहारनपुर, अलीगढ, मुरादाबाद मंडल एवं उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा व राजस्थान राज्यों के वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। मुख्य सचिव ने बाबा औघड़नाथ मंदिर पहुंचकर कांवड से संबंधित सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा जलाभिषेक किया।
बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि कांवड यात्रा को सकुशल संपन्न कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसे बिना किसी अप्रिय घटना एवं बिना किसी दुर्घटना के सफलतापूर्वक सम्पन्न कराना हम सभी का साझा दायित्व है। इसके लिए सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों एवं दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें। कांवड़ यात्रा के दौरान सम्पूर्ण कांवड़ मार्ग एवं उससे जुड़े सभी प्रमुख स्थलों पर नियमित साफ-सफाई, स्वच्छता एवं सैनिटेशन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कांवड़ शिविरों का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाए। शिविरों के लिए आवश्यक अनुमति, विद्युत कनेक्शन, अग्नि सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा एवं अन्य सभी सुरक्षा मानकों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
कांवड़ उठाने के स्थलों, स्नान घाटों, प्रमुख मंदिरों एवं जलाभिषेक स्थलों पर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता, चिकित्सा सहायता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ रूप से सुनिश्चित की जाएं। सभी कांवड़ मार्गों पर आवश्यकतानुसार चिकित्सा शिविर, बाइक एम्बुलेंस, एम्बुलेंस सेवा तथा अस्पतालों में पर्याप्त बेड आरक्षित रखने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने कांवड यात्रा आयोजन के संबंध में प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत पोल को पालिथीन से कवर कराने, ट्रांसफार्मर की बैरिकेडिंग कराने, गोताखोर, मोटरबोट, चिकित्सा सुविधा, होटल-ढाबों पर रेट लिस्ट, चिकित्सा शिविर, मीट और शराब की दुकान संचालन न होना सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन से निगरानी सहित कांवड यात्रा के सभी बिन्दुओं पर गहन मंथन/चर्चा करते हुये कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये।
भ्रामक समाचारों एवं फेक नैरेटिव पर पुलिस की रहेगी नजर
पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति का तत्काल संज्ञान लेते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों एवं एक्सप्रेस-वे के एंट्री एवं एग्जिट प्वाइंट पर पर्याप्त संख्या में पुलिस एवं प्रशासनिक कार्मिक तैनात किए जाएं, ताकि कांवड़ यात्री भ्रमित न हों तथा उन्हें निर्धारित मार्ग पर सुरक्षित रूप से भेजा जा सके।
कांवड़ यात्रा से संबंधित आवश्यक सूचनाएं समय-समय पर विभिन्न मीडिया एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से आमजन एवं श्रद्धालुओं तक पहुंचाई जाएं। अफवाहों, भ्रामक समाचारों एवं फेक नैरेटिव पर सतत निगरानी रखी जाए तथा ऐसी किसी भी सूचना के संज्ञान में आने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन