मां गंगा की भव्य आरती के साथ प्रसिद्ध कार्तिक पूर्णिमा मेला शुरू

 






रायबरेली,23 नवंबर(हि.स.)। कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले प्रसिद्ध प्रांतीय कार्तिक पूर्णिमा मेला व डलमऊ महोत्सव-2026 का शुभारंभ रायबरेली ज़िले के डलमऊ में सोमवार देर शाम भव्य गंगा आरती के साथ किया गया। इस अवसर पर सूचना विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का भी शुभारंभ हुआ।दो दिवसीय इस मेले में कई जिलों से लाखों लोगों के आने की संभावना है।

प्रदेश के खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह, विधायक सलोन अशोक कुमार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिलाध्यक्ष बुद्धि लाल पासी, जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका एवं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने सोमवार को मां गंगा की विधिवत पूजा व आरती कर मेले व महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ किया।

इस अवसर पर बनारस से आई विशेष मंडली द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक विधि-विधान के साथ विशाल एवं भव्य गंगा आरती संपन्न कराई गई। गंगा आरती के दौरान पूरा घाट परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा।

इसके अलावा डलमऊ में भागीरथी गेस्ट हाउस स्थित मैदान में लगाई गई सूचना एवं जनसंपर्क विभाग तथा खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी में विभिन्न स्टालों का अवलोकन अतिथियों द्वारा किया गया।

सूचना विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, तथा विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित की गई उपलब्धियों एवं कीर्तिमानों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि मंत्री मनोज पांडे ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन स्वदेशी उत्पादों, स्थानीय कला एवं संस्कृति को प्रोत्साहित करने के साथ ही स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों एवं उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन के लिए बेहतर मंच प्रदान करते हैं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी सृजित होते हैं। उन्होंने जनसामान्य से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी में पहुंचकर विभिन्न स्टालों का अवलोकन करें तथा स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करें।

प्रदर्शनी में लगभग 100 से अधिक स्टाल लगाए गए हैं, जिनमें विभिन्न जनपदों से आए कारीगरों एवं उद्यमियों द्वारा निर्मित खादी, ऊनी एवं रेशमी वस्त्र, पॉली वस्त्र, हर्बल उत्पाद, मिट्टी के बर्तन, हस्तशिल्प, जैविक खाद्य पदार्थ, शुद्ध मसाले, अचार, पापड़, मुरब्बे, कालीन एवं अन्य हस्तनिर्मित उत्पाद आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

महोत्सव में सूचना विभाग तथा स्थानीय कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय परंपरा, लोककला एवं लोकसंस्कृति की मनोहारी झलक प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध किया।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे