कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से की वार्ता, त्वरित समाधान के दिए निर्देश

 


जौनपुर, 22 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिला अध्यक्ष डॉ. प्रदीप सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों के विभिन्न समस्याओं को लेकर शुक्रवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी जौनपुर से मुलाकात की। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक और जिला पंचायत राज अधिकारी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।वार्ता के दौरान डॉ. प्रदीप सिंह ने मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन के पत्र का हवाला देते हुए प्रत्येक माह कर्मचारी समस्याओं के समाधान के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त सेवा संघों एवं विभागाध्यक्षों की बैठक आयोजित करने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने प्रस्ताव को तत्काल स्वीकृति देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने को कहा।ई-ऑफिस व्यवस्था के मुद्दे पर ग्राम विकास अधिकारियों के अप्रैल माह के वेतन रोके जाने का मामला भी उठाया गया। शासनादेश के अवलोकन और विचार-विमर्श के बाद जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को तत्काल वेतन जारी करने का निर्देश दिया। इसके अलावा 11 अप्रैल 2026 को आयोजित “कर्मचारी समस्या सुनवाई चौपाल दिवस” में ग्राम पंचायत एवं ग्राम विकास अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत 28 सूत्रीय मांगपत्र पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के बिंदुवार समाधान के निर्देश देते हुए कार्यवृत्ति जारी करने को कहा।वार्ता के अंत में डॉ. प्रदीप सिंह ने जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अधिकारी और कर्मचारी विकास प्रक्रिया के अभिन्न अंग हैं तथा कर्मचारी भविष्य में भी पूरी निष्ठा से शासन की योजनाओं को सफल बनाने में योगदान देते रहेंगे।बैठक में जिला मंत्री देवेश कुमार यादव, जिला कोषाध्यक्ष रामकृष्ण पाल, आंगनबाड़ी संघ की अध्यक्ष सरिता सिंह और उपाध्यक्ष डॉ. फूलचंद कनौजिया भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव