कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि, पूर्व सैनिकों का सम्मान : अनिल दीक्षित

 


कानपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। कारगिल विजय दिवस पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर पूर्व सैनिकों का सम्मान किया गया। यह बातें रविवार को भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कहीं।

कारगिल विजय दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर की ओर से मोतीझील स्थित कारगिल पार्क में शहीद स्तंभ पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान कैंडल जलाकर शहीदों को नमन किया गया तथा पूर्व सैनिकों को माल्यार्पण और पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने भारत माता के जयघोष के साथ शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

कार्यक्रम के क्रम में भाजपा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित बगिया क्रॉसिंग निवासी कारगिल युद्ध के पूर्व सैनिक अजीत सिंह के आवास पहुंचे और उनका सम्मान किया। बताया गया कि कारगिल युद्ध के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने साहसपूर्वक मोर्चे पर डटे रहकर देश की सेवा की।

श्रद्धांजलि सभा को महापौर प्रमिला पांडे, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, विधायक नीलिमा कटियार, विधायक सुरेंद्र मैथानी तथा वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश अवस्थी ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कारगिल विजय की गौरवगाथा का स्मरण करते हुए वीर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि कारगिल विजय दिवस के अवसर पर पार्टी के मंडल अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों में निवास करने वाले पूर्व सैनिकों के घर पहुंचकर उनका सम्मान किया।

कार्यक्रम में प्रमोद विश्वकर्मा, अवधेश सोनकर, अनुराग शर्मा, जन्मेजय सिंह, शिवांग मिश्रा, वात्सेय त्रिपाठी, प्रशांत त्रिपाठी, रीता पासवान, मीनाक्षी गुप्ता, सोनू राठौर, कौशलेंद्र सिंह परिहार, सुरेश गुप्ता, पार्षद आलोक पांडे, विकास जायसवाल, अजय राय, स्पर्श कटियार, जिशान अहमद सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप