राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कन्याओं को कराया भोज, भेंट की चुनरी एवं दक्षिणा
प्रेरणा परिवार की ओर से जन भवन में 5100 से अधिक कन्याओं का हुआ पूजन
लखनऊ, 17 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्रि की महासप्तमी के अवसर पर शनिवार को जन भवन प्रांगण में 5100 से अधिक कन्याओं का पूजन कार्यक्रम श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की आयोजक संस्था ‘प्रेरणा’ के तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोज कराया तथा चुनरी एवं दक्षिणा भेंट की।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। बच्चों ने माँ दुर्गा पर आधारित नृत्य-नाट्य प्रस्तुति तथा ‘मैंने तेरे ही भरोसे’ भजन पर भावपूर्ण प्रस्तुतियां दी। जन भवन स्थित आदर्श माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने ‘मनुष्य तू बड़ा महान है’ गीत प्रस्तुत कर मानवीय मूल्यों एवं जीवन की महत्ता का संदेश दिया।
राज्यपाल ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने इन प्रस्तुतियों के लिए बच्चों को तैयार करने वाले शिक्षकों, प्रशिक्षकों एवं संस्था के सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा को निखारने तथा उन्हें सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के प्रयासों की प्रशंसा की।
इस अवसर पर अपने संबोधन में राज्यपाल ने कन्या पूजन के आयोजन के लिए संस्था ‘प्रेरणा’ की सराहना करते हुए कहा कि जन भवन में इस प्रकार के कई कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए। जन भवन का विशाल प्रांगण, सुंदर हरियाली एवं स्वच्छ वातावरण बच्चों के लिए विशेष रूप से उपयोगी है। उन्होंने कहा कि बच्चों को ऐसे वातावरण में आने, सीखने और अपनी प्रतिभा को अभिव्यक्त करने के अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने बताया कि जन भवन में 15 अगस्त, 26 जनवरी तथा विभिन्न त्योहारों के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसके साथ ही बच्चों के लिए खेलकूद की गतिविधियाँ तथा क्रिकेट और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएँ भी आयोजित की जाती हैं, जिनमें विद्यालय के विद्यार्थियों को सम्मिलित किया जाता है।
जन भवन में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली पुष्प प्रदर्शनी का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि इसमें एक लाख से अधिक बच्चे, महिलाएँ, किसान एवं अन्य लोग सहभागिता करते हैं। प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित भी किया जाता है। उन्होंने किसानों को धरती पुत्र बताते हुए उनके श्रम एवं योगदान का सम्मान करने की आवश्यकता पर बल दिया।
राज्यपाल ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ने, जीवन में एक अच्छा इंसान बनने तथा अपने माता-पिता की सेवा और उनका सम्मान करने की प्रेरणा दी। उन्होंने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया।
प्रेरणा परिवार के अध्यक्ष गुंजित कालरा,सचिव शिखा भार्गव,विराज सागर दास,पारूल खोसला,श्वेता अग्रवाल,शरद जैन,पीयूष सिंह चौहान,सिद्धिमा जैन,शांतनु सिंह,अंबिका साहनी,श्लोक सिंह,पार्थ सिंह व वात्सल्य बोरा ने कार्यक्रम में आये महानुभावों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में रही इनकी उपस्थिति
कार्यक्रम में विशिष्टि अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य डा. इन्द्रेश कुमार व निर्माता फिल्म हनुमान अंश रागनी सोना भी उपस्थित रहीं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रान्त संघचालक सरदार स्वर्ण सिंह, एकल अभियान के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुमन धीर, अखिल भारतीय सह गौ सेवा प्रमुख नवल,प्रान्त प्रचारक कौशल, क्षेत्र प्रचारक प्रमुख राजेन्द्र सिंह,प्रान्त प्रचारक प्रमुख यशोदानंद, प्रान्त सम्पर्क प्रमुख गंगा सिंह, प्रान्त समरसता प्रमुख राजकिशोर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के क्षेत्र संगठन मंत्री घनश्याम शाही भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन