कांवड़ यात्रा को लेकर रहेंगे सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त, डायवर्जन प्लान जारी

 


- 31 जुलाई से लागू होगा ट्रैफिक प्लान, कई प्वाइंट पर बैरियर के साथ तैनात रहेगी पुलिस

मुरादाबाद, 20 जुलाई (हि.स.)। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान हाईवे और प्रमुख मार्गों पर कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने डायवर्जन प्लान जारी किया है। सावन मास के चार सोमवार और शिव तेरस (शिवरात्रि) पर भारी वाहनों का संचालन बंद रहेगा, जबकि कई मार्गों पर हल्के वाहनों को भी वैकल्पिक रास्तों से निकाला जाएगा। जरूरत पड़ने पर यातायात व्यवस्था में बदलाव भी किया जाएगा।

सावन का पहला सोमवार 3 अगस्त को पड़ेगा, लेकिन रूट डायवर्जन प्लान 31 जुलाई से लागू कर दिया जाएगा। दिल्ली-लखनऊ हाईवे और हरिद्वार मार्ग पर शुक्रवार से लेकर सोमवार तक भारी वाहन नहीं चलेंगे। इस दौरान वाहनों को दूसरे मार्गों से निकाला जाएगा।

कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली रोड, कांठ रोड, रामपुर रोड और बिजनौर रोड पर यातायात का दबाव अधिक रहेगा। मुरादाबाद जनपद में हरिद्वार और गढ़मुक्तेश्वर (बृजघाट) से लाखों संख्या में स्थानीय कांवरिये आते हैं। वहीं हजारों की संख्या में आसपास के जनपदों के शिव भक्त भी मुरादाबाद से होकर गुजरते हैं। इसके मद्देनजर जनपद में कावड़ यात्रा रूट मार्ग पर पढ़ने वाले सभी प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल और यातायात पुलिस तैनात रहेगी। कांवड़ियों की संख्या बढ़ने पर रूट डायवर्जन लागू होगा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बताया कि सावन माह में हर शुक्रवार से सोमवार तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान भारी वाहनों को बदले रूट से गुजारा जाएगा। रूट डायवर्जन का सख्ती से पालन कराया जाएगा।

यह है डायवर्जन प्लान :

31 जुलाई की शाम 6 बजे से 3 अगस्त की शाम 4 बजे तक डायवर्जन रहेगा

6 अगस्त की शाम 6 बजे से 11 अगस्त की शाम 4 बजे तक डायवर्जन रहेगा

14 अगस्त शाम 6 बजे से 17 अगस्त की शाम 4 बजे तक डायवर्जन रहेगा

21 अगस्त शाम 6 बजे से 24 अगस्त शाम 4 बजे तक डायवर्जन रहेगा

इस प्रकार रहेगी यातायात संचालन की व्यवस्था

पुलिस अधीक्षक यातायात सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि मुरादाबाद से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन संभल, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर और हापुड़ होकर दिल्ली जाएंगे। मुरादाबाद से मेरठ और दिल्ली जाने वाले वाहन गांगन तिराहा, मनोटा, सिरसी, संभल, बबराला, नरौरा, डिबाई, बुलंदशहर और हापुड़ होकर जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर हल्के वाहन भी इसी मार्ग से भेजे जाएंगे।शाहजहांपुर से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन शाहजहांपुर से बदायूं, बबराला, नरौरा और बुलंदशहर के रास्ते भेजे जाएंगे। बरेली और रामपुर से दिल्ली जाने वाले वाहन बिलारी, सिरसी, संभल, चौधरी सराय और गंगा एक्सप्रेस-वे के रास्ते निकाले जाएंगे। दिल्ली-गाजियाबाद से रामपुर, बरेली और लखनऊ जाने वाले भारी वाहन हापुड़, सिंभावली, डिबाई, नरौरा और बदायूं के रास्ते भेजे जाएंगे।

बिजनौर और हरिद्वार की ओर जाने वाले भारी वाहन काशीपुर तिराहा, ठाकुरद्वारा, जसपुर, अफजलगढ़ और धामपुर होकर जाएंगे। हल्के वाहनों को टीएमयू, अगवानपुर के रास्ते निकाला जाएगा।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल