कांवड़ यात्रा के मद्देनजर डीएम व एसपी ने अलीगढ़-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग का किया स्थलीय निरीक्षण
हाथरस, 21 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश हाथरस,श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान परिलक्षित कमियों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रुहेरी कट, हाथरस बाईपास से सासनी क्षेत्र तक विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने हाथरस बाईपास पुल के नीचे जमा मलबे को तत्काल हटवाने एवं भूमि का समतलीकरण कराने के निर्देश दिए। सासनी मंडी एवं उसके आसपास मार्ग पर जलभराव की स्थिति का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर पंपसेट के माध्यम से तत्काल जल निकासी कराने तथा भविष्य में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इसके उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सासनी-कैलोरा-इगलास चौराहे का निरीक्षण किया। उन्होंने चौराहे पर हाईमास्ट लाइट स्थापित कराने तथा जलभराव वाले स्थानों की आवश्यक मरम्मत कराकर यातायात सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मार्ग पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट स्थलों सहित आवश्यक स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कांवड़ियों के सुरक्षित आवागमन के लिए पृथक लेन तैयार करने हेतु सैंड बैग लगाने एवं उन पर रिफ्लेक्टर टेप की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे रात्रि के समय भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा बनी रहे। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर लगाए जाने वाले सभी शिविर निर्धारित दूरी पर ही स्थापित किए जाएं, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। शिविरों में पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, मेडिकल किट एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।साथ ही विद्युत सुरक्षा के दृष्टिगत विद्युत पोलों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं तथा प्रत्येक बिंदु पर सतत निगरानी रखी जाए, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का अनुभव प्राप्त हो।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्वं राजस्व, उप जिलाधिकारी सासनी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता विद्युत, एनएचएआई के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
X
Copy Link
Share
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना