ड्यूटी कर रहे सिक्योरिटी गार्ड पर गिरा लोहे का गेट, मौत

 


कानपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में पनकी थाना क्षेत्र में बीती देर रात शुक्रवार काे ड्यूटी के दौरान गेट बंद कर रहे एक सिक्योरिटी गार्ड पर भारी लोहे का गेट गिर गया। गेट के नीचे दबकर गार्ड की मौत हो गई। परिजनों ने फ्लैट संचालक पर लापरवाही और खराब गेट की मरम्मत न कराए जाने का आराेप लगाया है।

पनकी की शिवनगर डूडा कॉलोनी निवासी विक्रम सिंह (50) पिछले करीब तीन महीने से बी-ब्लॉक स्थित एक फ्लैट में सिक्योरिटी गार्ड थे। परिवार में पत्नी सोनी सिंह, बेटियां पूजा, संगीता और अंकिता तथा बेटा दीपक सिंह हैं। शुक्रवार रात वह फ्लैट में ड्यूटी पर तैनात थे। रात करीब 1:30 बजे फ्लैट में रहने वाला एक युवक कार लेकर पहुंचा। गार्ड विक्रम ने गेट खोलकर उन्हें अंदर किया। इसके बाद वह गेट बंद करने लगे, तभी गेट में खराबी आ गई और जैसे ही धक्का देकर गेट काे दोबारा खोलने की कोशिश की ताे करीब चार कुंतल वजनी लोहे का गेट गार्ड विक्रम पर गिर गया। भारी भरकम गेट के नीचे दबे गार्ड ने काफी देर तक मदद के लिए आवाज लगाई। हादसे के बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

मृतक के बेटे दीपक का आरोप है कि गेट पिछले 10 दिनों से ठीक से काम नहीं कर रहा था। इसकी जानकारी कई बार फ्लैट संचालक को दी गई, लेकिन मरम्मत नहीं कराई गई। उनका कहना है कि समय रहते गेट दुरुस्त करा दिया जाता तो हादसा टल सकता था। बेटे दीपक ने यह भी बताया कि गुरुवार को नाइट ड्यूटी के दौरान उनके पिता का मोबाइल भी चोरी हो गया था। इस संबंध में शिकायत करने पर नया मोबाइल दिलाने का आश्वासन दिया गया था।

परिजनों के मुताबिक शनिवार सुबह करीब पांच बजे उन्हें विक्रम के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिली। जब वे अस्पताल पहुंचे, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना से परिवार में मातम छा गया। शनिवार सुबह करीब 11:45 बजे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पनकी थाना प्रभारी अंकित सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप