शहर की सड़कों के गड्ढे अगस्त में भरने के निर्देश : नगर आयुक्त

 


कानपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। बरसात को देखते हुए अगस्त माह के लक्ष्य के अनुसार शहर के सभी गड्ढायुक्त मार्गों को कच्चा पैच कर मोटरेबल कराया जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और कराए गए कार्यों की डिजिटल फोटोग्राफ व डायरी सहित अनुपालन आख्या अगली समीक्षा बैठक से पहले उपलब्ध कराएं। यह बातें शुक्रवार को कानपुर नगर की क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण और मरम्मत को लेकर हुई दूसरी समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते हुए नगर अर्पित उपाध्याय ने कहीं।

कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) के सभागार में मंडलायुक्त की ओर से गठित समिति की दूसरी समीक्षा बैठक हुई। इसमें कानपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, जलकल, लोक निर्माण विभाग, कानपुर मेट्रो रेल कॉरपोरेशन और उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में पहली समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन तत्काल सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण से जुड़े कार्यों में तेजी लाने को कहा गया। बरसात के मद्देनजर गड्ढायुक्त मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर कच्चा पैच कर आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों को कराए गए कार्यों की डिजिटल फोटो और डायरी तैयार कर अगली बैठक से पहले समिति को अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने को कहा गया।

इधर, 14 अगस्त की शाम से हो रही बारिश को देखते हुए नगर निगम ने जोनवार तैयार की गई त्वरित प्रतिक्रिया टीमों को सक्रिय कर दिया। जलभराव वाले स्थानों का निरीक्षण कर जल निकासी सुनिश्चित कराई जा रही है। अधिक बारिश की संभावना को देखते हुए मड पंप, डिवाटरिंग पंप और अन्य आवश्यक उपकरणों के साथ टीमें तैयार रखी गई हैं।

नगर निगम नियंत्रण कक्ष के 0512-2526004 और 0512-2526005 नंबर सक्रिय रखे गए हैं। अधिकारियों को स्थिति पर लगातार नजर रखने और जलभराव की समस्या सामने आने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप