कानपुर पुलिस ने 101 खोए और चोरी हुए मोबाइल किए बरामद
कानपुर, 11 मई (हि.स.)। सेंट्रल जोन पुलिस ने सोमवार को खोए और चोरी हुए 101 मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सौंप दिए। करीब 22 लाख रुपये कीमत के मोबाइल वापस मिलने पर उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस कमिश्नरेट का धन्यवाद किया। मोबाइल पाकर कई लोग भावुक भी नजर आए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आम जनता की मदद और आधुनिक तकनीक के जरिए यह सफलता हासिल हुई है।
डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने विभिन्न कंपनियों के बरामद मोबाइल उनके स्वामियों को सौंपे। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग पुलिस कार्यालय पहुंचे। मोबाइल मिलने पर लोगों ने पुलिस टीम का आभार जताया। कई लोगों ने बताया कि मोबाइल में जरूरी दस्तावेज, बैंकिंग जानकारी, फोटो और निजी डाटा मौजूद था, जिसके वापस मिलने की उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी थी।
डीसीपी अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सर्विलांस टीम ने अभियान चलाकर 101 खोए और चोरी हुए मोबाइल रिकवर किए हैं। कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और लोकेशन ट्रैकिंग जैसे आधुनिक तकनीकी माध्यमों की मदद से मोबाइल फोन का पता लगाया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम लगातार ऐसे मामलों में काम कर रही है, ताकि लोगों की बहुमूल्य वस्तुएं सुरक्षित वापस दिलाई जा सकें। इस अभियान से न केवल लोगों को उनके मोबाइल लौटाए गए हैं, बल्कि उनके महत्वपूर्ण डाटा और मानसिक शांति की भी सुरक्षा सुनिश्चित हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप