आजादी के बाद पहली बार कानपुर के नाम से दौड़ी एक्सप्रेस ट्रेन, वर्षों पुराना सपना पूरा कराया : सांसद रमेश अवस्थी
कानपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। कानपुर की पहचान को रेलवे के इतिहास में नई जगह दिलाने का सपना आखिरकार साकार हो गया। आजादी के बाद पहली बार कानपुर के नाम से ‘कानपुर एक्सप्रेस’ शुरू होने पर शहरवासियों में उत्साह देखने को मिला। यह ट्रेन कानपुर की जनता के सम्मान और शहर की पहचान का प्रतीक है। यह बातें सोमवार को कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर ट्रेन के शुभारंभ के बाद सांसद रमेश अवस्थी ने कहीं।
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर आयोजित समारोह में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर स्टेशन पर हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक मौजूद रहे। मंच और विशाल एलईडी स्क्रीन के जरिए रेल मंत्री की मौजूदगी में ट्रेन को रवाना किए जाने के साथ ही स्टेशन परिसर तालियों और नारों से गूंज उठा।
समारोह में सांसद भोले सिंह, महापौर प्रमिला पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, विधायक सुरेंद्र मैथानी, विधायक नीलिमा कटियार, पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया, भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित और शिवराम सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने कानपुर की जनभावनाओं का सम्मान किया है।
ट्रेन के शुभारंभ के बाद सांसद रमेश अवस्थी खुद भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ उसमें सवार होकर यात्रा पर निकले। पनकी से फफूंद स्टेशन तक विभिन्न स्थानों पर लोगों ने फूल बरसाकर और नारे लगाकर ट्रेन का स्वागत किया। दयानंद गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने भी सांसद के साथ यात्रा की।
ट्रेन में पत्रकारों से बातचीत में सांसद ने कहा कि कानपुर की जनता लंबे समय से अपने शहर के नाम से एक्सप्रेस ट्रेन चलने का इंतजार कर रही थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सहयोग से यह सपना पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश का युवा विकास की रफ्तार के साथ मजबूती से खड़ा है। अब विकास केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि जनआकांक्षाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप