कानपुर को नई ट्रेन सेवाओं की जरूरत, क्षेत्रीय विकास को मिलेगी रफ्तार : रमेश अवस्थी
कानपुर, 17 मार्च (हि.स.)। लोकसभा में मंगलवार को रेलवे बजट पर चर्चा के दौरान कानपुर सांसद रमेश अवस्थी ने अपने संसदीय क्षेत्र की जनता की प्रमुख आवश्यकताओं को मजबूती से सदन के समक्ष रखा। उन्होंने देश के विभिन्न बड़े शहरों के लिए कानपुर से नई ट्रेन सेवाएं शुरू करने की मांग की, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके और स्थानीय विकास को नई गति मिले।
कानपुर जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक और व्यापारिक केंद्र के लोगों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी की बहुत जरूरत है। नई ट्रेनों से यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी और साथ ही क्षेत्र की आर्थिक प्रगति तथा रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी। उन्होंने रेल मंत्रालय से इन मांगों पर शीघ्र विचार करने की अपील की।
रमेश अवस्थी ने आगे कहा, मैं कानपुर लोकसभा क्षेत्र के जनहित के मुद्दों को सदैव मजबूती से सदन में उठाता रहूंगा। क्षेत्र के विकास और लोगों की सुविधा के लिए निरंतर प्रयासरत हूं।
यह मांग कानपुर-दिल्ली जैसे व्यस्त मार्गों पर पहले से मौजूद भीड़ और यात्रियों की असुविधा को देखते हुए की गई है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि बजट चर्चा के बाद इन प्रस्तावों पर सकारात्मक फैसला आएगा, जिससे कानपुर की कनेक्टिविटी में सुधार होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप