यूडीआईडी कार्ड में कानपुर नगर अव्वल : विशेष शिविरों से बढ़ी रफ्तार : विनय उत्तम
कानपुर, 01 मई (हि.स.)। यूडीआईडी कार्ड बनाने में कानपुर नगर पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर है। विशेष शिविरों के माध्यम से प्रक्रिया में तेजी आई है और अधिक से अधिक दिव्यांगजन लाभान्वित हो रहे हैं। लगातार प्रयासों से यह उपलब्धि संभव हुई है और आगे भी इसी तरह काम जारी रहेगा। यह बातें गुरुवार को जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी विनय उत्तम ने कही।
यूडीआईडी (स्वावलंबन) कार्ड बनाने में प्रदेश में शीर्ष स्थान पर बना हुआ है। जारी स्टेटस रिपोर्ट के अनुसार 28 अप्रैल तक जनपद में कुल अड़तालीस हजार दो सौ पैंतालीस दिव्यांगजनों के कार्ड निर्गत किए जा चुके हैं, जो पूरे प्रदेश में सबसे अधिक हैं।
रैंकिंग में शाहजहांपुर छियालिस हजार सात सौ छिहत्तर कार्ड के साथ दूसरे और हरदोई तैंतालीस हजार चार सौ ग्यारह कार्ड के साथ तीसरे स्थान पर है। प्रदेश में कुल सोलह लाख चौरानवे हजार निन्यानवे कार्ड जारी हो चुके हैं। महोबा में सात हजार दो सौ तिरासी और हापुड़ में आठ हजार पांच सौ एक कार्ड निर्गत हुए हैं। अन्य प्रमुख जनपदों में लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, गाजियाबाद, मेरठ और आगरा शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि जुलाई 2025 में कानपुर नगर ने शाहजहांपुर को पीछे छोड़कर पहला स्थान हासिल किया था और तब से यह बढ़त बरकरार है। 18 जनवरी 2025 से 28 अप्रैल 2026 के बीच आठ हजार दो सौ छियासठ नए कार्ड बनाए गए, जो उल्लेखनीय प्रगति है।
प्रशासन के अनुसार संपूर्ण समाधान दिवस में लगाए जा रहे विशेष शिविरों से इस कार्य में तेजी आई है। इन शिविरों में ऑनलाइन आवेदन, चिकित्सकीय परीक्षण और प्रमाण पत्र वितरण की पूरी प्रक्रिया एक ही स्थान पर पूरी की जा रही है। इससे दिव्यांगजनों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।
इन शिविरों के जरिए दिव्यांगजनों को आय प्रमाण पत्र, पेंशन, बैंकिंग सेवाएं, सहायक उपकरण और स्वरोजगार योजनाओं का लाभ भी मिल रहा है। इन प्रयासों से न केवल यूडीआईडी कार्ड बनाने की गति बढ़ी है, बल्कि दिव्यांगजनों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण को भी मजबूती मिली है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप