संसद में रमेश अवस्थी ने उठाई थी मांग, बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में शामिल हुआ कानपुर
कानपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। कानपुर को प्रस्तावित बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में शामिल किया जाना शहर के औद्योगिक और आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम है। इससे व्यापार, उद्योग, निवेश और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। दिल्ली से कानपुर का सफर महज एक घंटा 45 मिनट में पूरा करने की बात कही गई है। यह घोषणा शनिवार को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने की। सांसद रमेश अवस्थी ने इसे कानपुर के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि कानपुर को बुलेट ट्रेन कॉरिडोर से जोड़ने से व्यापारियों, उद्यमियों, विद्यार्थियों और आम लोगों को लाभ मिलेगा। इससे शहर में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। यह बातें सांसद रमेश अवस्थी ने प्रस्तावित बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में कानपुर को शामिल किए जाने पर कहीं।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार, प्रस्तावित नॉर्दर्न बुलेट ट्रेन कॉरिडोर दिल्ली से आगरा, कानपुर, लखनऊ और अयोध्या होते हुए वाराणसी, पटना और गुवाहाटी तक जाएगा। इस परियोजना से कानपुर की दूसरे प्रमुख शहरों से तेज आवाजाही की सुविधा विकसित होने की उम्मीद है।
संसद में उठाया था कानपुर का मुद्दा
प्रारंभिक प्रस्ताव में कानपुर को इस कॉरिडोर में शामिल किए जाने की स्थिति स्पष्ट नहीं थी। ऐसे में सांसद रमेश अवस्थी ने संसद सत्र के दौरान रेल मंत्री के समक्ष शहर का पक्ष रखा था। उन्होंने कानपुर के औद्योगिक, व्यापारिक और आर्थिक महत्व का हवाला देते हुए इसे बुलेट ट्रेन नेटवर्क से जोड़ने की मांग की थी।
ठग्गू के लड्डू का भी किया जिक्र
रेल मंत्री ने कानपुर की प्रसिद्ध मिठाई ठग्गू के लड्डू का उल्लेख करते हुए कहा कि दिल्ली से बुलेट ट्रेन में बैठकर एक घंटा 45 मिनट में कानपुर पहुंचकर इसका स्वाद लिया जा सकेगा और वापस दिल्ली भी लौटा जा सकेगा। इस टिप्पणी से शहर की प्रसिद्ध मिठाई भी चर्चा में आ गई।
सांसद ने कहा कि कानपुर उत्तर भारत का प्रमुख औद्योगिक और व्यापारिक केंद्र है। बुलेट ट्रेन से जुड़ने पर शहर की राष्ट्रीय स्तर पर कनेक्टिविटी मजबूत होगी और विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप