कानपुर देहात में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज, डीएम ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
कानपुर देहात, 29 नवंबर (हि.स.)। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जिले में मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी गई है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान (एसएसआर-2027) के अंतर्गत रविवार को जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने मतदाता सूची में नए नाम शामिल करने, अपात्र एवं मृतक मतदाताओं के नाम हटाने और दर्ज विवरण में संशोधन के लिए आवेदन प्राप्त किए।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी कपिल सिंह ने अभियान की प्रगति जानने के लिए प्राथमिक विद्यालय नबीपुर नागिनजसी के बूथ संख्या 185, 186 और 187 तथा कंपोजिट स्कूल बारा के बूथ संख्या 198 से 204 तक का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर मौजूद बीएलओ से प्राप्त आवेदनों और मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी ली। साथ ही अभियान को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि मतदाता सूची में कोई भी पात्र नागरिक नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए बीएलओ अपने निर्धारित क्षेत्रों में घर-घर जाकर सर्वे करें और ऐसे लोगों को चिह्नित करें, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है। उनसे फॉर्म-6 भरवाकर नाम दर्ज कराने की कार्रवाई प्राथमिकता से की जाए।
महिलाओं और युवा मतदाताओं पर विशेष ध्यान
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से महिलाओं और युवा मतदाताओं का पंजीकरण बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन युवाओं की आयु एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरी हो रही है या हो चुकी है, उन्हें चिह्नित कर मतदाता सूची में शामिल कराया जाए। इसके साथ ही पात्र महिलाओं और अन्य नागरिकों से संपर्क कर उनके आवेदन प्राप्त किए जाएं।
तीनों प्रपत्रों के बारे में दी जानकारी
निरीक्षण के दौरान डीएम ने फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के उपयोग के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फॉर्म-6 नए मतदाताओं का नाम शामिल कराने के लिए है। फॉर्म-7 के जरिए मतदाता सूची में दर्ज नाम हटाने अथवा किसी नाम को शामिल किए जाने पर आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। वहीं, फॉर्म-8 का उपयोग नाम-पते सहित अन्य विवरण में संशोधन, निवास स्थान परिवर्तन और मतदाता पहचान पत्र के प्रतिस्थापन के लिए किया जाता है। इसके माध्यम से दिव्यांग मतदाता के रूप में चिह्नित कराने का आवेदन भी किया जा सकता है।
उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि आम नागरिकों को प्रपत्रों की सही जानकारी दें, जिससे वे अपनी आवश्यकता के अनुसार आवेदन कर सकें। मतदाता सूची में दर्ज नामों और विवरण का सत्यापन कर आवश्यकतानुसार संशोधन एवं विलोपन संबंधी आवेदन भी प्राप्त किए जाएं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पुनरीक्षण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी दावों और आपत्तियों का निर्धारित समयसीमा में नियमानुसार निस्तारण किया जाए, ताकि मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाया जा सके।
उन्होंने जनपद के नागरिकों से अपील की कि जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर बीएलओ से संपर्क करें और निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन करें। लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
इस दौरान उप जिलाधिकारी अकबरपुर राजकुमार पाण्डेय सहित बीएलओ, सुपरवाइजर और कोटेदार मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / अवनीश अवस्थी