मणिकर्णिका युवती सम्मेलन में युवतियों को आत्मनिर्भर बनने का संदेश
कानपुर देहात, 27 अक्टूबर (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कानपुर देहात की ओर से मंगलवार को सरला द्विवेदी महाविद्यालय, अकबरपुर में मणिकर्णिका युवती सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में युवतियों को आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जागरूकता के साथ आत्मनिर्भर बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी, विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश भाषा आयोग की सदस्य डॉ. आभा द्विवेदी और मुख्य वक्ता एबीवीपी की प्रांत सहमंत्री प्रियंका माथुर रहीं। कार्यक्रम की स्वागत अध्यक्ष महिला थानाध्यक्ष नीरज शर्मा तथा स्वागत मंत्री समाजसेवी कंचन मिश्रा रहीं। संचालन अर्चना द्विवेदी ने किया।
मुख्य अतिथि नीरज रानी ने कहा कि युवतियां समाज की शक्ति हैं। शिक्षा, आत्मविश्वास और परिश्रम के बल पर वे प्रत्येक क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकती हैं। उन्होंने युवतियों से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि डॉ. आभा द्विवेदी ने कहा कि युवतियों को आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, भाषा और संस्कारों से भी जुड़े रहना चाहिए। दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास के साथ वे समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं।
मुख्य वक्ता प्रियंका माथुर ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद अपनी स्थापना के समय से ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और राष्ट्रहित में कार्य कर रहा है। मणिकर्णिका युवती सम्मेलन युवतियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक दायित्वबोध विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
स्वागत अध्यक्ष नीरज शर्मा ने युवतियों की सुरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता को समाज की प्राथमिकता बताया। वहीं स्वागत मंत्री कंचन मिश्रा ने कहा कि ऐसे सम्मेलन युवतियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
सम्मेलन में अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान प्रांत एसएफएस सह प्रमुख डॉ. राममनोहर मिश्रा, प्रांत कार्यसमिति सदस्य अंजू यादव, विभाग संगठन मंत्री सोमू सविता, जिला प्रमुख अनिल द्विवेदी, जिला संगठन मंत्री संकल्प कुशवाहा, जिला छात्रा प्रमुख सानिया सिद्दीकी, जिला संयोजक अभिषेक तिवारी, पूर्व विभाग सह संयोजक कुलदीप सिंह, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य दुर्गेश कुशवाहा एवं शुभ त्रिपाठी, अकबरपुर तहसील संयोजक अभिराज, विराट श्रीवास्तव, सूरज मिश्रा, प्रणव सिंह चौहान, वैभव बाथम सहित अन्य कार्यकर्ता और छात्राएं उपस्थित रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / अवनीश अवस्थी